जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने कहा- स्वंतत्रता दिवस पर हर नागरिक एक पेड़ देश के नाम अवश्य लगाए

  • स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर डीएम ने की बैठक, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
  • स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती हो: रविन्द्र कुमार मांदड

गाजियाबाद। स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में नगर निगम, शिक्षा विभाग, नगर पंचायतों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मादंड ने कहा कि स्वंत्रतता दिवस पर प्रत्येक नागरिक को एक पेड़ देश के नाम अवश्य लगाना चाहिए। इसकी लिए संबंधित अधिकारी आम जनता में जागरुकता फैलाने का कार्य?करें। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के गौरव और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों तथा प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नगर निगम एवं नगर पंचायतों के अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस से पूर्व विशेष स्वच्छता अभियान चलाने तथा प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जिले के सभी विद्यालयों में स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित किए जाएं। विद्यालयों में ध्वजारोहण के साथ देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाषण, निबंध एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियां आयोजित करने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास, स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान और देश के प्रति उनके कर्तव्यों की जानकारी देना भी कार्यक्रमों का महत्वपूर्ण हिस्सा होना चाहिए।
व्यवस्थाओं, कार्यक्रम स्थलों की साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन विभागों को जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका समयबद्ध तरीके से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक स्तर पर जनजागरूकता भी की जाए। कार्यक्रमों में राष्ट्रगान और राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के लिए गौरव और जिम्मेदारी का पर्व है। इसलिए सभी विभाग मिलकर ऐसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, जिससे जिले में स्वतंत्रता दिवस का आयोजन भव्य, शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से संपन्न हो। बैठक में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड, एडीएम सिटी विकास कश्यप, एडीएम प्रशासन ज्योति मौर्य, एडीएम वित्त एवं राजस्व अंजनी कुमार सिंह सहित सभी एसडीएम,अपर नगरायुक्त जंग बहादुर यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेन्द्र शर्मा, बीएसए ओपी यादव, नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी सहित अनेक अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में जिलाधिकारी ने इन बिन्दुओं पर दिये निर्देश- निर्देश

  • स्वतंत्रता दिवस पर मुख्य आयोजन जिला मुख्यालय पर सुबह आठ बजे से 11 बजे तक होगा
  • हर नागरिक स्वतंत्रता दिवस पर एक पेड़ देश के नाम अवश्य लगाए
  • पांच सौ विद्यालयों द्वारा कार्यक्रम में पेश किये जाएंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
  • दो दिवसीय निबंध लेखन एवं वाद विवाद प्रतियोगिता में एक दर्जन से अधिक विद्यालयों के विजयी छात्र छात्राओ को किया जाएगा पुुरुस्कृत
  • स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेल प्रतियोगिता में जीतने वाले खिलाड़ी पुुरुस्कृत होंगे
  • सभी निजी व सरकारी कार्यालयों पर झंडारोहण करना होगा अनिवार्य
  • मनन धाम स्थित शहीद स्थल पर नगर निगम द्वारा स्वंतता सेनानियों व शहीदों के परिजनों का किया जाएगा सम्मान
  • प्रत्येक ब्लॉक, नगर पंचायत, नगर निगम सहित सभी स्थानीय निकाय कार्यालयों में झंडारोहण व स्वतंत्रता सेनानियों, पूर्व सैनिकों व उनके परिवारो को सम्मानित किया जाएगा
  • ग्राम पंचायतों के प्रशासकों व स्थानीय निकायों के अधिशासी अधिकारी अपने अपने क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान के तहत सफाई करवाएंगे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *