- बबीता शर्मा ने पीएम मोदी, यूपी सरकार एवं जिला प्रशासन का जताया तहेदिल से आभार
- पीएम स्वनिधि योजना से आत्मनिर्भरता की राह हुई प्रशस्त, मिला रहा है सम्मान: बबीता शर्मा
गाजियाबाद। मन की बात के 137वीं कड़ी जनपद गाजियाबाद के लिए विशेष रहा, इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गाजियाबाद की पथ विक्रेता बबीता शर्मा का विशेष रूप से उल्लेख किया। कहा कि बबीता पहले सड़क किनारे पूजा सामग्री—फूल, दीये, अगरबत्ती और नारियल आदि बेचकर परिवार की आजीविका में सहयोग करती थीं। पूंजी की जरूरत थी, तो पीएम स्वनिधि योजना से उन्हें आर्थिक सहायता मिली। उन्होंने अपने स्टॉल पर सामान बढ़ाया, कारोबार बढ़ा, ग्राहक और आमदनी बढ़ी और धीरे-धीरे उनका छोटा स्टॉल एक दुकान में बदल गया। जो कि महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का जीवंत उदाहरण है।
पति की मौत के बाद समझ नहीं आ रहा था क्या करूं, साहस और योजना से मिली नई पहचान: बबीता शर्मा
बबीता शर्मा, निवासी नन्दग्राम, गाजियाबाद ने बताया कि कुछ वर्ष पहले उनके पति का निधन हो गया था। समझ में नहीं आ रहा था कि अब क्या करूंगी, कैसे तीनों बच्चे पालूंगी। फिर सोचा कि बिना कुछ करें तो काम नहीं चलेगा, तो कुछ काम ही कर लूं। ऐसे में घर में शेष रहे 5000 रुपए से कुछ पूजा का सामान खरीदा और मंदिर के सामने बेचने लगी, लेकिन कुछ खास लाभ नहीं हो रहा था रूपयों की तंगी के चलते कारोबार सही नहीं चल रहा था, तब पीएम स्वनिधि योजना के बारे में पता चला और उसके लिए आवेदन किया गया। तब 10 हजार रुपए का लोन योजना के तहत प्राप्त हुए, जिन्हें मैने दुकान के सामान के कार्य में लगा दिये, उसके बाद 20 हजार रुपए और उसके बाद उन्हें 50 हजार रुपए का लोन प्राप्त हुआ जिससे अब पटरी पर लगा छोटा सा ठिया ने दुकान का रूप ले लिया है और अब दुकान चला रही हूं। अब उन्होने इस स्कीम के तहत क्रेडिट कार्ड (30 हजार रुपए लिमिट) हेतु आवेदन किया है जो कि जल्द ही प्राप्त होने की सम्भावना है, जिससे उन्हें भी उन्हें और भी सहायता मिलेगी। उन्होने बताया कि उनके दो बच्चे अभी स्कूल पढ़ रहे हैं और वर्तमान में एक लड़का नौकरी कर रहा है।
मोदी जी के नाम से भावुक हुई बबीता शर्मा
मीडिया कर्मियों से वार्ता के दौरान जब मोदी जी के बारे में कुछ कहने के लिए कहा गया तो वे भावुक हो गई, उन्होने कहा कि मोदी जी मेरे लिए मेरे बड़े भाई की तरह हैं आज उनकी वजह से ही मै समाज में आत्मनिर्भर होकर सम्मान से जीवन यापन कर रही हूं, मै उनके प्रति तहे दिल से आभार प्रकट करती हूं और उत्तर प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन का भी आभार प्रकट करती हूं जो पूर्ण ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचा रहें है। मै सभी का आभार प्रकट करती हूं।
गाजियाबाद के लिए यह गर्व की बात
बबीता शर्मा की कहानी यह दिखाती है कि छोटी-सी आर्थिक मदद और मेहनत मिलकर किसी छोटे कारोबार को भी आगे बढ़ाया जा सकता है। अच्छे कार्यों के लिए एक अच्छी सोच जरूरी है और जब अच्छी सोच होगी तभी अच्छी पहल होगी, पीएम स्वनिधि योजना भी उसी अच्छी सोच का एक रूप है। इस बात से फर्क नहीं पड़ता की सहायता छोटी है या बड़ी, समय रहते किसी को सहायता मिल जाये तो वह भी सफलता की ऊंचाईओं को छू सकता है और एक सफलता की कहानी रच सकता है।

