गाजियाबाद। जिन्दल नगर,ढबारसी रोड पर स्थित आंचल न्यास में नवरात्रि के पावन पर्व पर महाशक्ति कन्या पूजन का भव्य आयोजन किया गया। आध्यात्मिकता के इस अनूठे अनुष्ठान में गाजिÞयाबाद के साथ साथ नोएडा, मेरठ, हापुड़, पिलखुआ, मुरादनगर, मोदीनगर, लोनी और निकट के ग्रामीण क्षेत्रों से बालिकाएँ और पूजन करने वाले परिवार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का प्रारंभ मंचीय प्रस्तुतियों से हुआ जिसमें दुर्गा सप्तशती का मंचन, महिषासुर का वध, जैसी प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को सम्बोधित करते हुये कथावाचक अतुल कृष्ण भारद्वाज ने कहा कि एक मॉं ही है जो सम्पूर्ण विश्व की शांति और प्रेम की कुंजी है और भारतीय संस्कृति ही एक मात्र ऐसी संस्कृति है जो नारी के इस महत्व को स्वीकारते हुए उसकी पूजा करती है और इसी कारण मां जगदंबा का पूजन करने के लिये आज इतने सारे धर्म प्रिय जन एकत्रित हुये हैं। हनुमान जी का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि माता सीता के आशीर्वाद से ही हनुमान जी को अनंत शक्तियां प्राप्त हुई। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि हम अपनी नई पीढ़ी को ऐसे आयोजनों के माध्यम से प्रेरित करेंगे तो हिंदुत्व का सत्यम शिवम् सुन्दरम का संदेश सम्पूर्ण विश्व में जायेगा। आँचल न्यास, मां के आंचल की तरह है जो ऐसे आयोजन से सम्पूर्ण समाज को बिना किसी भेदभाव के एक करने का काम कर रहे हैं।
कार्यक्रम का संचालन करते हुये संयोजक संजय कुशवाहा ने बताया कि आॅचल न्यास मुख्य रूप से आर्थिक रूप से कमजोर, नॉर्थ ईस्ट के बच्चों की शिक्षा एवं स्वाबलंबन और गऊ संवर्धन को समर्पित संस्कारशाला है। कन्या पूजन जैसे अद्भुत आयोजन से आॅचल न्यास समाज में भारतीय संस्कृति का वह संदेश देता है जिसमें नारी को पूज्य बताया गया है। हम घरों में कन्याओं का पूजन करते ही हैं लेकिन सामुहिकता में इस प्रकार के आयोजन से सम्पूर्ण समाज एवं विश्व को यह संदेश जाता है। इस अवसर पर मॉं दुर्गा की सामुहिक आरती की गयी। उसके बाद 1008 कन्याओं का 1008 परिवारों के द्वारा सामूहिक पूजन किया गया। यह अपने आप में अलौकिक स्वरूप वाला अनूठा आयोजन रहा। कन्याओं के पूजन के बाद सभी कन्याओं को बैठाकर भोजन कराया गया। रोटरी क्लब के सहयोग से सभी बालिकाओं को आवश्यक वस्तुओं की एक किट भी दी गयी।
कार्यक्रम के उपरान्त सभी आगंतुकों के लिये महा भंडारे का आयोजित किया गया। शक्ति उपासना के इस आयोजन में मुख्य रूप से कथावाचक अरविन्द भाई ओझा,जीवन ऋषि महाराज,सांसद अतुल गर्ग, कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, विधायक अजीत पाल त्यागी, पिलखुआ नगरपालिका चेयरमैन विभू बंसल, अशोक माहेश्वरी, सुनील बराला, पवन गोयल, मेवाड़ ग्रुप के चेयरमैन अशोक गादिया आदि उपस्थित रहे। आंचल न्यास के सचिव मुकेश कुमार ने व्यवस्था से जुड़े सभी बंधुओं और आगंतुकों का कार्यक्रम को सफल बनाने कि लिये आभार व्यक्त किया।


