हाउस टैक्स में कटौती के निर्णय पर शहरवासियों को राहत, जनप्रतिनिधियों के प्रयासों का जताया आभार

गाजियाबाद। हाउस टैक्स में कटौती के ऐतिहासिक निर्णय पर शहर की जनता को बड़ी राहत मिली है। इस जनहितकारी फैसले पर पार्षद प्रदीप चौधरी ने गाजियाबाद की समस्त जनता को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह निर्णय आम नागरिकों के आर्थिक बोझ को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय कदम है।
पार्षद प्रदीप चौधरी ने इस निर्णय के लिए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल मार्गदर्शन एवं प्रभावी समन्वय के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा, प्रभारी मंत्री असीम अरुण, महापौर सुनीता दयाल एवं नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह सहित भाजपा सांसद अतुल गर्ग, कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप, विधायक अजीत पाल त्यागी, विधायक संजीव शर्मा तथा भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल सहित सभी जनप्रतिनिधियों और पार्षदों के सामूहिक प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि यह निर्णय केवल टैक्स में कटौती तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनभावनाओं के सम्मान और जनसरोकारों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है। इससे यह स्पष्ट होता है कि सरकार और स्थानीय प्रशासन जनता की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित को सर्वोपरि रखते हुए गाजियाबाद के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने हेतु कार्य जारी रहेंगे।
अंत में उन्होंने एक बार पुनः इस जनकल्याणकारी निर्णय के लिए सभी का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए शहरवासियों को बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *