- मिर्ची हवन में शामिल होकर गौरव बंसल ने मां बगलामुखी का लिया आशीर्वाद

जहांगीराबाद। मां बगलामुखी जयंती के पावन अवसर पर नगर स्थित मां बगलामुखी (पीतांबरी देवी) मंदिर में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर मंदिर के महंत खन्नू भगत द्वारा विधि-विधान से मां का श्रृंगार किया गया, जिसके पश्चात मिर्ची हवन का आयोजन हुआ। इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर मां का आशीर्वाद प्राप्त किया। महंत खन्नू भगत ने बताया कि मां बगलामुखी दस महाविद्याओं में आठवीं महाविद्या हैं, जिन्हें स्तंभन शक्ति और विजय की अधिष्ठात्री देवी माना जाता है। मां पीतांबरी देवी पीले रंग की प्रिय हैं तथा शत्रुओं की वाणी, विचार एवं दुष्ट बुद्धि को स्तंभित करने की शक्ति रखती हैं। उन्होंने बताया कि मिर्ची हवन साधना अत्यंत प्रभावशाली तांत्रिक साधना मानी जाती है, जिसमें विशेष रूप से लाल मिर्च का प्रयोग किया जाता है। यह साधना शत्रु बाधा, वाद-विवाद, कोर्ट केस एवं अन्य संकटों से मुक्ति दिलाने के लिए की जाती है। इस आयोजन में गाजियाबाद से आए गौरव बंसल ने भी सहभागिता कर मां के दर्शन किए और हवन में आहुति देकर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि इस हवन की विशेष बात यह रही कि भारी मात्रा में मिर्च की आहुति देने के बावजूद भी वहां उपस्थित श्रद्धालुओं को आंखों में किसी प्रकार की जलन या असुविधा महसूस नहीं हुई। इसे मां पीतांबरी देवी की अद्भुत कृपा के रूप में देखा गया, जिसने सभी को आश्चर्यचकित और भाव-विभोर कर दिया। मां के दरबार में दर्शन कर भक्तों ने अपार शांति और शक्ति का अनुभव किया।

