- जिला विधिक प्राधिकरण के अध्यक्ष की अध्यक्षता में बैंक प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक

गाजियाबाद। इसी माह की नौ तारीख यानी 09.05.2026 को आगामी लोक अदालत के सफल आयोजन के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक जनपद न्यायालय गाजियाबाद के सभागार में आहूत की गई जिसमें अध्यक्ष,स्पेशल जज एससी/एसटी एक्ट जितेंद्र मिश्रा, सदस्य अपर जिला जज कोर्ट संख्या -5 लोकेश वरुण, सदस्य अपर जिला जज कोर्ट संख्या -3 दिनेश चंद्र शुक्ला तथा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गाजियाबाद श्री नेहा बनोधिया शामिल रहे। इस बैठक में विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया बैठक का मुख्य उद्देश्य लंबित बैंक ऋण मामलों, चेक बाउंस प्रकरणों तथा अन्य वित्तीय विवादों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण हेतु रणनीति तैयार करना था। बैठक के दौरान सभी बैंक प्रतिनिधियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने संस्थानों में लंबित मामलों की सूची तैयार कर निर्धारित तिथि तक प्रस्तुत करें, ताकि उन्हें लोक अदालत में शामिल कर शीघ्र समाधान किया जा सके। सचिव, जिला विधिक सेवा प्रधिकरण नेहा बनोधिया ने सभी उपस्थित अधिकारियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक मामलों का निपटारा आपसी सहमति से कराने में सहयोग करें, जिससे आम जनता को त्वरित न्याय प्राप्त हो सके और न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ कम हो। सभी बैंक प्रतिनिधियों ने लोक अदालत के आयोजन को सफल बनाने हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

