- डबल इंजन सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के साथ कर रही कार्य: विधायक संजीव शर्मा
- मल्टीस्टोरी बैरक का शिलान्यास, 5 लाख वार्षिक कैशलेस चिकित्सा की मिलेगी सुविधा

गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीआरडी जवानों को बड़ी सौगात दी है। समस्त प्रान्तीय रक्षक दल (पीआरडी) स्वयंसेवकों के साथ सम्मेलन कार्यक्रम बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षा गृह, रामगढ़ ताल, गोरखपुर से प्रदेश के समस्त जनपदों में जनपद मुख्यालयों पर लाईव प्रसारण किया गया। जिसमें मुख्यमंत्री द्वारा पीआरडी स्वयंसेवकों के लिए 3 प्रमुख घोषणाएं की गयी, जिसमें प्रान्तीय रक्षक दल के स्वयंसेवकों हेतु लखनऊ में मल्टीस्टोरी बैरक का शिलान्यास। प्रान्तीय रक्षक दल के स्वयंसेवकों एवं उनके आश्रित परिवार के सदस्यों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा, प्रति वर्ष 5 लाख रुपए का लाभ। प्रान्तीय रक्षक दल के स्वयंसेवकों का ड्यूटी भत्ता 500 प्रतिदिन से बढ़ाकर 600 रुपए प्रतिदिन किया गया।
गाजियाबाद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सदर विधायक संजीव शर्मा ने पीआरडी जवानों सहित उपस्थित अन्य गणमान्य नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र के अनुरूप निरंतर कार्य कर रही है। सरकार द्वारा समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण एवं उत्थान के लिए विभिन्न योजनाएं एवं कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से पात्र लाभार्थियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा कर्मचारियों एवं विभिन्न वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए वेतन, मानदेय, लाभांश तथा अन्य सुविधाओं में समय-समय पर आवश्यक प्रावधान किए जा रहे हैं। साथ ही, समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उनके आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पीआरडी जवानों के ड्यूटी भत्ता 100 रुपए प्रतिदिन, परिवार हेतु 5 लाख रुपए प्रतिवर्ष का लाभ दिया है। सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा प्रदेश में समावेशी एवं संतुलित विकास सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ एवं परियोजना निदेशक प्रदीप कुमार पाण्डेय, गाजियाबाद द्वारा जनपद के पीआरडी स्वयंसेवकों को अपने आशीर्वचन प्रदान किये। इस अवसर पर क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी नूतन सोनकर, रजापुर, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी, मुरादनगर ऋचा तिवारी , क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी, लोनी आशिमा गोस्वामी, एवं व्यायाम प्रशिक्षक श्री सौरभ कुमार तथा विभागीय स्टाफ द्वारा सहयोग प्रदान किया गया।

