बिराज फाउंडेशन का मानवता को समर्पित अभियान: दीनदयाल पुरी, नंदग्राम में सैकड़ों जरूरतमंदों को मिले वस्त्र एवं आवश्यक वस्तुएं

गाजियाबाद: सर्दी की दस्तक के साथ ही बिराज फाउंडेशन की टीम ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की। फाउंडेशन द्वारा बुधवार को दीनदयाल पुरी, नंदग्राम, गाजियाबाद में विशाल वस्त्र एवं आवश्यक वस्तु वितरण अभियान का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों जरूरतमंद परिवारों, बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों ने लाभ उठाया।
अभियान के दौरान फाउंडेशन की टीम ने जरूरतमंदों को गर्म कपड़े, साड़ी, शर्ट, पैंट, बच्चों के कपड़े, शॉल, कंबल सहित दैनिक जीवन में काम आने वाली आवश्यक वस्तुएं वितरित कीं। वितरण के दौरान लोगों में विशेष उत्साह देखा गया। बच्चे नए कपड़े पाकर खुश नजर आए, वहीं बुजुर्गों के चेहरे पर भी संतोष झलक रहा था।
कार्यक्रम की शुरुआत से ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्रित हो गए थे। फाउंडेशन के कार्यकर्ताओं ने पूरी व्यवस्था एवं अनुशासन के साथ एक-एक परिवार तक सामग्री पहुंचाई, ताकि कोई भी जरूरतमंद खाली हाथ न लौटे।
इस अवसर पर बिराज फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. बिराज कुमार सिंह ने कहा, “हमारा मानना है कि सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। आज किसी के पास कपड़े अधिक हैं, तो किसी के पास तन ढकने को भी नहीं। हमारा छोटा सा प्रयास है कि इस सर्दी में कोई भी व्यक्ति ठंड से परेशान न हो। जब किसी बच्चे के चेहरे पर मुस्कान आती है, तो लगता है हमारी मेहनत सफल हो गई।”उन्होंने आगे कहा कि बिराज फाउंडेशन का उद्देश्य केवल एक दिन की मदद करना नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है। फाउंडेशन की ओर से आने वाले दिनों में भी स्वास्थ्य जांच शिविर, कंबल वितरण, शिक्षा सहायता एवं अन्य सामाजिक सेवा कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।उन्होंने समाज के सभी सक्षम लोगों से भी अपील की कि वे आगे आकर ऐसे सेवा कार्यों में सहयोग करें, क्योंकि “आपका दिया हुआ एक पुराना कपड़ा भी किसी के लिए नई उम्मीद बन सकता है। कार्यक्रम के दौरान फाउंडेशन की पूरी टीम, स्थानीय कार्यकर्ता एवं समाजसेवी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर वितरण कार्य को सफल बनाया। स्थानीय निवासियों ने बिराज फाउंडेशन की इस पहल की दिल से सराहना की और कहा कि ऐसे अभियान समाज में आपसी भाईचारा और इंसानियत को मजबूत करते हैं। अंत में फाउंडेशन की टीम ने सभी सहयोगियों, दानदाताओं एवं स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से यह अभियान सफल हो सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *