आईएमए गाजियाबाद की एक अनूठी स्वास्थ्य पहल: स्वास्थ्य जागरूकता एवं जांच कार्यक्रम “राहगीरी” का आयोजन किया

  • निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में की गईं ब्लड प्रेशर, शुगर, बीएमआर, बोन डेंसिटी और फाइब्रोस्कैन जैसी महत्वपूर्ण जांचें
  • 20 स्कूलों-कॉलेजों के छात्रों की रही सक्रिय भागीदारी

गाजियाबाद: नागरिकों के स्वास्थ्य और कल्याण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) गाजियाबाद द्वारा आज एक भव्य सामुदायिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं जांच कार्यक्रम “राहगीरी” का आयोजन किया गया।
इस अनूठे कार्यक्रम में स्थानीय निवासियों, राहगीरों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन की मुख्य विशेषता 20 स्कूलों और कॉलेजों के लगभग 100 छात्रों की सक्रिय भागीदारी रही, जिन्होंने निवारक स्वास्थ्य उपायों को सीखा और उनका प्रदर्शन किया। ये छात्र अब अपने संस्थानों में लौटकर हजारों अन्य विद्यार्थियों व परिवारों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करेंगे।
इस अवसर पर आम जनता और चिकित्सकों के लिए एक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया, जिसमें ब्लड प्रेशर, शुगर, बीएमआर (BMR), बोन डेंसिटी और फाइब्रोस्कैन जैसी महत्वपूर्ण जांचें की गईं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक संजीव शर्मा उपस्थित रहे, जिन्होंने इस जनहितैषी पहल की भूरी-भूरी प्रशंसा की। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. (प्रो.) शरद कुमार अग्रवाल (पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष, आईएमए मुख्यालय 2022-23), डॉ. राजीव गोयल (प्रदेश अध्यक्ष, आईएमए यूपी), डॉ. आशीष अग्रवाल (प्रदेश सचिव), डॉ. वाणी पुरी (प्रदेश वित्त सचिव) और डॉ. वी. बी. जिंदल (स्टेट आईएमए समन्वयक) ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम का सफल समन्वय डॉ. अरुणा और डॉ. कल्पना कंसल ने किया। आयोजन को सफल बनाने में आईएमए गाजियाबाद के सचिव डॉ. राजीव त्यागी, कोषाध्यक्ष डॉ. सारिका जैन के साथ-साथ संयुक्त सचिव डॉ. पारुल अग्रवाल एवं डॉ. प्रियंका गुप्ता का बहुत महत्वपूर्ण योगदान रहा। इसके अतिरिक्त संपूर्ण कार्यकारिणी और बड़ी संख्या में सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही।
अंत में, आईएमए गाजियाबाद के अध्यक्ष डॉ. प्रहलाद चावला ने सभी प्रतिभागियों, छात्रों और चिकित्सकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सामुदायिक कार्यक्रम आईएमए की सेवा भावना को दर्शाते हैं। उन्होंने सभी से मिलकर एक स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *