- मुरादनगर ईदगाह रोड पर की गई हैं स्वागत कार्यक्रम की तैयारियां
- कार्यक्रम में सभी धर्म व जाति के लोग करेंगे शिरकत: अनवर अल्वी
- स्वागत कार्यक्रम के बाद पदभार ग्रहण करने के लिए काफिले के साथ मेरठ के लिए करेंगे कूच

मुरादनगर। भारतीय जनता पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा का क्षेत्रीय अध्यक्ष मनोनीत होने पर हाजी जमालूददीन उर्फ मालू के स्वागत के लिए 15 नवंबर 2026 को उनके गृहनगर मुरादनगर में भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। हाजी मालू वर्तमान में गाजियाबाद के हिंडन विहार में निवास करते हैं जबकि उनके परिवार के सदस्य मुरादनगर में ही निवास करते हैं। मुरादनगर में अपने गृहनगर में उनका स्वागत करने का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रभारी अनवर नेता ने बताया कि स्वागत कार्यक्रम की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। ईदगाह रोड पर स्टेज और पंडाल लगाकर लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में आने वाले सभी धर्म और जाति के लोगों के जलपान की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि मुरादनगर के लाल को भाजपा हाईकमान ने क्षेत्रीय अध्यक्ष पद से नवाज कर बड़ा कार्य किया है। मुरादनगर के लोग भाजपा के शुक्रगुजार हैं और आने वाले 2027 के चुनाव में मुस्लिम समाज भाजपा को ही वोट करेगा। उन्होंने कहा कि पहले भी भाजपा को मुस्लिम समाज वोट करता आया है। उन्होंने कहा कि भाजपा जो कहती है वह करती है। सबका साथ सबका विकास के नारे के साथ भाजपा यूपी में फिर से पूर्ण बहूमत की सरकार बनाएगी।
अनवर नेता ने बताया कि स्वागत कार्यक्रम के बाद रोड शो ईदगाह रोड से शुरू होगा जो मेरठ क्षेत्रीय कार्यालय तक जाएगा। उन्होंने बताया कि स्वागत समारोह के मुख्य अतिथि मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बासित अली, राज्यमंत्री दानिश आजाद, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष अध्यक्ष सचिन जैन आदि होंगे।

