स्वाइन फ्लू को लेकर जिलाधिकारी ने एमएमजी अस्पताल का किया निरीक्षण, 10 बेड आरक्षित

  • आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 08826294546 जारी
  • निपटने को लेकर तैयारियों का लिया जायजा
  • आक्सीजन एवं आवश्यक दवाओं की पूर्ण उपलब्धता के निर्देश
  • यदि नेपाल में कोई परिचित फंसा हो तो उसकी सूचना उपलब्ध कराने हेतु जिलाधिकारी ने की अपील

गाजियाबाद। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने जिला चिकित्सालय (एमएमजी अस्पताल) का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं एवं स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल के फ्लू वार्ड का स्वयं निरीक्षण करते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वाइन फ्लू की रोकथाम एवं उपचार के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से स्वाइन फ्लू के मरीजों के लिए की गई व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी लेते हुए पाया कि अस्पताल में स्वाइन फ्लू के लिए 10 बेड आरक्षित किए गए हैं। उन्होंने वार्ड में आॅक्सीजन की उपलब्धता, आवश्यक दवाइयों एवं अन्य चिकित्सीय संसाधनों की स्थिति के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की, जिस पर उन्होंने पाया कि सभी व्यवस्थाएं पूर्ण हैं।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया, जहां मरीज भर्ती थे। उन्होंने मरीजों एवं उनके तीमारदारों से सीधे संवाद करते हुए अस्पताल में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी ली। जिलाधिकारी ने उनसे पूछा कि उन्हें उपचार एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं है। इस पर मरीजों एवं तीमारदारों ने बताया कि उन्हें अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त हो रही हैं तथा उन्हें किसी प्रकार की समस्या नहीं है। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) से अस्पताल में कूलर, पंखे, बिजली एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की, और यदि आवश्यकता हो तो मांग पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए तथा मरीजों एवं तीमारदारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन नई बिल्डिंग का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति एवं उससे संबंधित विभिन्न बिंदुओं की जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्माणाधीन भवन से संबंधित सभी एस्टिमेट, स्वीकृत कार्यों एवं वर्तमान में कराए जा रहे कार्यों का पूर्ण विवरण उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, निर्माण कार्य में यदि किसी प्रकार की कमी अथवा आवश्यकता महसूस हो रही है तो उसकी भी रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि भविष्य में बार-बार कार्य कराने की आवश्यकता न पड़े और भवन का निर्माण गुणवत्तापूर्ण, सुविधाजनक एवं उपयोगी तरीके से पूर्ण हो सके।

स्वाइन फ्लू को लेकर स्थिति नियंत्रण में

नेपाल में फंसे जनपदवासियों की सूचना देने की अपील

निरीक्षण के पश्चात मीडिया प्रतिनिधियों से वार्ता करते हुए जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मादड़ ने बताया कि जनपद में अब तक स्वाइन फ्लू के जिन मरीजों की सूचना प्राप्त हुई थी, वे अपने-अपने घरों पर हैं और वर्तमान में स्वस्थ हैं। उन्होंने बताया कि एमएमजी अस्पताल में इस समय स्वाइन फ्लू का कोई मरीज भर्ती नहीं है। उन्होंने बताया कि स्वाइन फ्लू से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 08826294546 जारी किया गया है। स्वाइन फ्लू से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए इस नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा नेपाल में उत्पन्न आपातकालीन परिस्थितियों के बीच जनपद गाजियाबाद के लोगों के संबंध में जानकारी प्राप्त करने के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर जिलाधिकारी ने बताया कि अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), जो आपातकालीन परिस्थितियों के नोडल अधिकारी हैं, के माध्यम से इस संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा रही है।
जिलाधिकारी ने मीडिया प्रतिनिधियों के माध्यम से जनपदवासियों से अपील की कि यदि किसी परिवार का कोई परिजन, रिश्तेदार अथवा परिचित नेपाल में मौजूद है और उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है अथवा उसके संबंध में कोई जानकारी प्राप्त नहीं हो रही है, तो उसकी सूचना जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं, ताकि संबंधित व्यक्ति के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त करने एवं यथासंभव सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *