मतदाता पंजीकरण विशेष अभियान के तहत प्राप्त हुए 7,109 फार्म-6

गाजियाबाद। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में जनपद गाजियाबाद में निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के अंतर्गत छूटे हुए पात्र मतदाताओं तथा प्रथम बार मतदान के लिए पात्र युवा नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित किए जाने हेतु विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान संचालित किया जा रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 17 व 18 विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया गया। इन दो दिनों में छह विधानसभा (एक आंशिक) निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 7,109 फार्म प्राप्त हुए हैं। डीएम ने 24 व 25 अक्टूबर 2026 को भी विशेष अभियान संचालित करने के निर्देश दिए हैं। सभी बीएलओ अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहकर मतदाता पंजीकरण संबंधी कार्य करेंगे। इसके अतिरिक्त मध्यवर्ती दिवसों में सभी बीएलओ घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं का चिह्नीकरण एवं सत्यापन करेंगे, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम सम्मिलित कराने से वंचित न रहे।
दिनांक 18 अक्टूबर 2026 को प्राप्त फार्म-6 की स्थिति के अनुसार जनपद की छह विधानसभा (एक आंशिक) निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 7,109 फार्म प्राप्त हुए हैं। इनमें 6,546 फार्म आॅफलाइन तथा 563 फार्म आॅनलाइन प्राप्त हुए हैं। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रवार विवरण के अनुसार लोनी में कुल 988 फार्म प्राप्त हुए, जिनमें 795 आॅफलाइन एवं 193 आॅनलाइन हैं। मुरादनगर में कुल 1,237 फार्म प्राप्त हुए, जिनमें 1,203 आॅफलाइन एवं 34 आॅनलाइन हैं। साहिबाबाद में कुल 2,035 फार्म प्राप्त हुए, जिनमें 1,813 आॅफलाइन एवं 222 आॅनलाइन हैं। गाजियाबाद विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में कुल 1,540 फार्म प्राप्त हुए, जिनमें 1,437 आॅफलाइन एवं 103 आॅनलाइन हैं। मोदीनगर में कुल 1,165 फार्म प्राप्त हुए, जिनमें 1,160 आॅफलाइन एवं 5 आॅनलाइन हैं, जबकि धौलाना (आंशिक) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में कुल 144 फार्म प्राप्त हुए, जिनमें 138 आॅफलाइन एवं 6 आॅनलाइन फार्म शामिल हैं। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देशित किया है कि विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान के दौरान पात्र नागरिकों, विशेषकर प्रथम बार मतदान के लिए पात्र युवाओं तथा निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज कराने से छूटे हुए नागरिकों को फार्म-6 भरने के लिए जागरूक किया जाए। अभियान के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *