- जिलाधिकारी ने मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर मतदाता पंजीकरण अभियान की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
- 24 व 25 अक्टूबर को भी चलाया जाएगा विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान
गाजियाबाद। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में जनपद गाजियाबाद में निर्वाचक नामावली में छूटे हुए पात्र मतदाताओं तथा प्रथम बार मतदान करने के लिए पात्र युवा नागरिकों के नाम सम्मिलित किए जाने हेतु संचालित 17 एवं 24 अक्टूबर 2026 को विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान संचालित किया जाना निर्धारित है। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने जनपद गाजियाबाद में मतदाता पंजीकरण अभियान को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 17 एवं 24 अक्टूबर के साथ-साथ 18 एवं 25 अक्टूबर 2026 को भी विशेष अभियान संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उक्त चारों तिथियों में सभी बीएलओ अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहकर मतदाता पंजीकरण संबंधी कार्य करेंगे। इसके अतिरिक्त मध्यवर्ती दिवसों में सभी बीएलओ घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं का चिह्नीकरण एवं सत्यापन करेंगे, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने से वंचित न रहे। इसी के क्रम में जिलाधिकारी/ जिला निर्वाचन अधिकारी महोदय द्वारा बूथ स्थलों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने इंदिरापुरम के अहिंसा खंड, शक्ति खंड एवं ज्ञान खंड सहित विभिन्न क्षेत्रों के 603 से 614 तक एवं 619 से 630 तक के बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, डीडी कृषि, एसडीएम सदर, तहसीलदार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं निर्वाचन कर्मी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं निर्वाचन कर्मियों को निर्देशित किया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विशेष अभियान को पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ संचालित किया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने से वंचित न रहे। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान की नियमित निगरानी करें तथा बूथ लेवल अधिकारियों की उपस्थिति एवं कार्यों का सत्यापन सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने से छूटे हुए नागरिकों, महिला मतदाताओं तथा प्रथम बार मतदान करने के लिए पात्र युवाओं को विशेष रूप से जागरूक किया जाए। संबंधित बूथ लेवल अधिकारी पात्र नागरिकों को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए निर्धारित प्रपत्र भरने में आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएं। साथ ही, इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, जिससे अधिक से अधिक पात्र नागरिक इसका लाभ उठा सकें।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने, संशोधन कराने अथवा अपात्र प्रविष्टियों के अपमार्जन से संबंधित प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्यवाही की जाए तथा अभियान के दौरान की गई कार्यवाही की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी दायित्वों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए। प्रशासन का उद्देश्य है कि जनपद के प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित हो तथा आगामी निर्वाचन प्रक्रिया में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए तैयार रहें।
छूटे हुए, महिलाओं एवं युवा मतदाताओं के पंजीकरण पर दें विशेष ध्यान: जिला निर्वाचन अधिकारी
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने जनपद गाजियाबाद में मतदाता पंजीकरण अभियान को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 17 एवं 24 अक्टूबर के साथ-साथ 18 एवं 25 अक्टूबर 2026 को भी विशेष अभियान संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उक्त चारों तिथियों में सभी बीएलओ अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहकर मतदाता पंजीकरण संबंधी कार्य करेंगे। इसके अतिरिक्त मध्यवर्ती दिवसों में सभी बीएलओ घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं का चिह्नीकरण एवं सत्यापन करेंगे, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने से वंचित न रहे।

