- उद्योग व्यापार मंडल मुरादनगर के सहयोग से हंस वाटिका में लगाया गया शिविर

मुरादनगर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा उद्योग व्यापार मंडल मुरादनगर के सहयोग हंस वाटिका परिसर में मिठाई, नमकीन, रेस्टोरेंट एवं अन्य खाद्य पदार्थों के विक्रेताओं और व्यापारियों के लिए एक विशाल जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य खाद्य पदार्थों की शुद्धता, स्वच्छता और गुणवत्ता सुनिश्चित करना तथा व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेश मिश्रा एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी अवधेश पाराशर, मुकेश शर्मा ने व्यापारियों को सम्बोधित किया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेश मिश्रा ने विशेष रूप से मिठाई विक्रेताओं से अपील की कि वे मिठाइयों में अत्यधिक या अमानक रंगों का प्रयोग न करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शुद्ध और मिलावट रहित खाद्य सामग्री बेचना न केवल कानूनी दायित्व है, बल्कि जनस्वास्थ्य के दृष्टिकोण से भी अत्यंत आवश्यक है।
जागरूकता शिविर में में उद्योग व्यापार मंडल के जिला महामंत्री पंकज गर्ग, प्रदेश मंत्री नीरज गुप्ता, प्रदेश संयुक्त महामंत्री संजय गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष अरविंद अग्रवाल, प्रवीण मित्तल मुरादनगर अध्यक्ष नितिन गोयल, मुरादनगर विधानसभा अध्यक्ष राकेश गोयल, महामंत्री विनय शर्मा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष मोहित गर्ग, नितिन शर्मा, हिमाशू अग्रवाल, हरिओम सिंघल, हरिमोहन गोयल, पुनीत गोयल, संदीप कंसल आदि स्थानीय व्यापारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। व्यापारी नेताओं ने खाद्य सुरक्षा विभाग की इस पहल का स्वागत करते हुए सभी व्यापारी भाइयों से विभागीय दिशा निर्देशों का पालन करने और उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।

