- अंतिम गेंद पर फैकल्टी टीम ने दो विकेट से दर्ज की शानदार जीत
गाजियाबाद। इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (आई.टी.एस.), मोहन नगर, गाजियाबाद में फैकल्टी इलेवन एवं स्टाफ इलेवन के बीच 10 ओवर के एक रोमांचक क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। इस मुकाबले में दोनों टीमों ने उत्कृष्ट खेल भावना, उत्साह एवं टीम वर्क का शानदार प्रदर्शन किया। अंतिम गेंद तक चले बेहद रोमांचक मुकाबले में फैकल्टी इलेवन ने स्टाफ इलेवन को दो विकेट से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की।
इस अवसर पर आई.टी.एस. द एजुकेशन ग्रुप के वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा ने दोनों टीमों को अपनी शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि दोनों टीमें पूरे उत्साह, दृढ़ संकल्प, आपसी सहयोग एवं सच्ची खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की खेल गतिविधियाँ संस्थान में सकारात्मक वातावरण, आपसी सौहार्द एवं टीम भावना को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ आई.टी.एस. गाजियाबाद के निदेशक डॉ. सुनील कुमार पाण्डेय, आई.टी.एस. स्कूल आफ मैनेजमेंट के निदेशक डॉ. अजय कुमार एवं आई.टी.एस. यूजी कैंपस की प्राचार्या डॉ. नैन्सी शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। अतिथियों ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं खेल भावना बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया। मैच की शुरूआत में स्टाफ इलेवन के कप्तान श्री कृष्णा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 10 ओवरों में स्टाफ इलेवन ने 36 रन बनाए और फैकल्टी इलेवन के सामने जीत के लिए 37 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डॉ. संजीव टंडन के नेतृत्व वाली फैकल्टी इलेवन को स्टाफ इलेवन के खिलाड़ियों से कड़ी चुनौती मिली। दोनों टीमों के बीच मुकाबला अंतिम ओवर तक बेहद रोमांचक बना रहा। अंतत: फैकल्टी इलेवन ने मैच की अंतिम गेंद पर लक्ष्य हासिल करते हुए दो विकेट से ऐतिहासिक एवं रोमांचक जीत दर्ज की। इस शानदार मुकाबले ने मैदान पर उपस्थित सभी दर्शकों को अंत तक रोमांचित रखा।
मैच में डॉ. डी.के. पाण्डेय एवं आर.एस. चावला ने अनुभवी अंपायरों की भूमिका निभाते हुए निष्पक्ष एवं कुशलतापूर्वक मैच का संचालन किया।
मैच के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता फैकल्टी इलेवन को विजेता ट्रॉफी एवं टीम के सभी खिलाड़ियों को विजेता पदक प्रदान किए गए। वहीं, स्टाफ इलेवन को उपविजेता ट्रॉफी एवं सभी खिलाड़ियों को पदक देकर उनके सराहनीय प्रदर्शन एवं खेल भावना का सम्मान किया गया।
इस अवसर पर संस्थान के सभी निदेशकों एवं प्राचार्या ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उत्साह, अनुशासन, आपसी सहयोग एवं उत्कृष्ट खेल भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल में हार और जीत से अधिक महत्वपूर्ण सहभागिता, आपसी सम्मान, टीम भावना एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा है। इस प्रकार के आयोजनों से न केवल शारीरिक एवं मानसिक स्फूर्ति को बढ़ावा मिलता है, बल्कि संस्थान के सदस्यों के बीच आपसी संबंध, सहयोग और एकजुटता भी मजबूत होती है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित फैकल्टी सदस्यों, स्टाफ सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और प्रत्येक शानदार प्रदर्शन पर तालियों के साथ उनका अभिनंदन किया। सभी की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने इस आयोजन को अत्यंत सफल एवं यादगार बना दिया। इस रोमांचक मुकाबले में भले ही फैकल्टी इलेवन ने विजेता ट्रॉफी अपने नाम की, लेकिन वास्तविक जीत खेल भावना, मित्रता, आपसी सहयोग एवं आई.टी.एस. परिवार की एकजुटता की रही।


