- संवैधानिक मूल्यों एवं जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूकता पर दिया गया जोर
गाजियाबाद: केआईईटी मानद विश्वविद्यालय संविधान गौरव दिवस गरिमामय ढंग से मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय संविधान को अंगीकृत किए जाने के ऐतिहासिक अवसर का स्मरण करने के साथ-साथ विद्यार्थियों को संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक सिद्धांतों, मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ गणमान्य अतिथियों एवं विद्यार्थियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विभिन्न वक्ताओं ने अपने विचार प्रस्तुत किए। समारोह का एक महत्वपूर्ण आकर्षण भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन रहा, जिसमें उपस्थित सभी लोगों ने न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर सांसद एवं केआईईटी मानद विवि के कुलाधिपति अतुल कुमार गर्ग, कुलपति प्रो. नागराज रामाराव, निदेशक अकादमिक्स डॉ. आदेश कुमार पांडेय तथा छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. अनुराग गुप्ता की उपस्थिति रही। सभी गणमान्य अतिथियों ने भारतीय संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद अतुल कुमार गर्ग ने विद्यार्थियों को उनके मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपने अधिकारों की जानकारी होने के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का भी पूरी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता से निर्वहन करना चाहिए। विश्वविद्यालय के कुलपति ने भी अपने संबोधन में भारतीय संविधान के मूल सिद्धांतों एवं आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर संविधान पर आधारित एक विशेष वीडियो का प्रदर्शन भी किया गया, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान की भावना, मूल्यों एवं लोकतांत्रिक आदर्शों से परिचित कराया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने भी अपने विचार साझा किए। छात्र वक्ता सुश्री भ्रमरी एवं यथार्थ ने संविधान की वर्तमान समय में प्रासंगिकता तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार प्रस्तुत किए। वहीं, श्री हिमांशु सक्सेना, फैकल्टी, ट्रेनिंग डिवीजन ने संवैधानिक मूल्यों एवं जिम्मेदार नागरिकता के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस आयोजन के माध्यम से काईट ने विद्यार्थियों में संवैधानिक चेतना, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सम्मान विकसित करने तथा उन्हें एक जागरूक और जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करने की अपनी प्रतिबद्धता को पुन: रेखांकित किया।





