एसएसआर-2027 के तहत 28 एवं 29 नवम्बर को जनपद में चलाया जाएगा विशेष अभियान

  • जिला निर्वाचन अधिकारी ने ईआरओ, एईआरओ एवं बीएलओ को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
  • निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित हो: रविन्द्र कुमार मॉंदड़
  • मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने एवं सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाएं

गाजियाबाद। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर-2027) के अंतर्गत जनपद में 28 एवं 29 नवम्बर को विशेष अभियान चलाए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) एवं बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को निर्देशित किया कि भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विशेष अभियान के दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन एवं सत्यापन संबंधी कार्यों को प्राथमिकता से किया जाए। पात्र नागरिकों, विशेषकर 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं एवं ऐसे नागरिक जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उन्हें जागरूक कर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए प्रेरित किया जाए।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान मतदान केंद्रों पर निर्धारित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए आमजन को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने एवं आवश्यक संशोधन कराने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराएं। साथ ही व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाए रखना निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसलिए सभी अधिकारी अभियान को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयावधि में प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *