- पैरालीगल वॉलंटियर्स न्याय पहुंचाने में निभाते हैं अहम भूमिका: जिला जज बुलन्दशहर संजय सिंह प्रथम
- निष्ठा एवं समर्पण के साथ समाज सेवा करनी चाहिए: नेहा बनौधिया, सचिव
गाजियाबाद। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बुलंदशहर द्वारा आयोजित एक दिवसीय ओरिएंटेशन प्रशिक्षण कार्यक्रम में गाजियाबाद जनपद के पैरालीगल वॉलंटियर्स दुर्गेश शर्मा एवं तुषार शर्मा को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए बेस्ट पीएलवी अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान जिला जज बुलन्दशहर संजय सिंह प्रथम एवं विकास चौधरी, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बुलंदशहर द्वारा प्रदान किया गया। कार्यक्रम में नेहा बनौधिया, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजियाबाद की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर श्रीमती नेहा बनौधिया ने दोनों पीएलवीएस के कार्यों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें आगे भी इसी प्रकार निष्ठा एवं समर्पण के साथ समाज सेवा करने के लिए प्रेरित किया।
जिला जज ने भी सभी पीएलवीएस को संबोधित करते हुए कहा कि पैरालीगल वॉलंटियर्स न्याय व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जो समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विधिक एवं सामाजिक विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा जानकारी प्रदान की गई, जिससे प्रतिभागियों को महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में मनजीत अंकित त्यागी लक्ष्मी माया चौहान ममता शिवम ज्योति गुप्ता आदि का संयोग रहा।




