के. ए. पी.जी. कॉलेज, कासगंज में एनडीआरएफ द्वारा स्कूल सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

कासगंज। 8वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), गाजियाबाद के कमांडेंट सुदेश कुमार के मार्गदर्शन एवं जिला प्रशासन कासगंज के समन्वय से कासगंज में प्री-मानसून तैनाती पर कार्यरत एनडीआरएफ टीम द्वारा लगातार जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में के.ए. पी.जी. कॉलेज, कासगंज में स्कूल सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कॉलेज के NSS एवं NCC कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में टीम कमांडर निरीक्षक चमन किशोर गुप्ता के नेतृत्व में एनडीआरएफ टीम ने विद्यार्थियों, NSS एवं NCC कैडेट्स तथा शिक्षकों को भूकंप, बाढ़, अग्निकांड, आकाशीय बिजली तथा अन्य प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान अपनाई जाने वाली सुरक्षा सावधानियों की जानकारी दी। भूकंप के दौरान ड्रॉप, कवर एवं होल्ड (Drop, Cover & Hold) तकनीक का व्यावहारिक प्रदर्शन करते हुए प्रतिभागियों को आपदा के समय सुरक्षित प्रतिक्रिया के महत्वपूर्ण उपाय बताए गए।
इसके साथ ही सीपीआर (CPR), बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS), प्राथमिक उपचार (First Aid) तथा गले में भोजन या कोई अन्य वस्तु फँस जाने (FBAO/Choking) की स्थिति में अपनाई जाने वाली जीवनरक्षक तकनीकों की जानकारी एवं उनका व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। घायल व्यक्ति को सुरक्षित स्थान तक पहुँचाने, स्ट्रेचर के सही उपयोग तथा आपदा के दौरान त्वरित एवं सुरक्षित प्रतिक्रिया देने के तरीकों का भी प्रदर्शन किया गया।
एनडीआरएफ टीम द्वारा प्रतिभागियों को आपदा से पहले तैयारी, आपदा के दौरान सुरक्षित व्यवहार तथा आपदा के बाद आवश्यक सावधानियों के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई। NSS एवं NCC कैडेट्स ने प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न जीवनरक्षक तकनीकों एवं आपदा प्रबंधन उपायों को व्यवहारिक रूप से समझा तथा प्रशिक्षण में सक्रिय रूप से भाग लिया। इस दौरान कैडेट्स ने आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने, टीम भावना के साथ कार्य करने तथा जरूरतमंद व्यक्तियों की सहायता करने के महत्वपूर्ण पहलुओं को भी समझा।
विद्यालय की प्राचार्या डॉ. मिथलेश कुमारी ने एनडीआरएफ टीम द्वारा आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के व्यावहारिक प्रशिक्षण विद्यार्थियों में आपदा के प्रति जागरूकता, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने एनडीआरएफ टीम के विशेषज्ञों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी महाविद्यालय में इस प्रकार के महत्वपूर्ण एवं उपयोगी जागरूकता कार्यक्रम पुनः आयोजित करने हेतु एनडीआरएफ टीम को सादर आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से NSS एवं NCC कैडेट्स के लिए इस प्रकार का प्रशिक्षण अत्यंत उपयोगी है, क्योंकि वे आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में स्वयं सुरक्षित रहते हुए समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक एवं सहायता प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर टीम कमांडर निरीक्षक चमन किशोर गुप्ता ने विद्यार्थियों, NSS एवं NCC कैडेट्स तथा शिक्षकों से अपील की कि आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय धैर्य, सजगता एवं सूझबूझ के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन से संबंधित जानकारी एवं जीवनरक्षक कौशल केवल प्रशिक्षण तक सीमित न रहें, बल्कि इन्हें अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों तक पहुँचाकर जन-जागरूकता की कड़ी को और मजबूत करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जागरूक एवं प्रशिक्षित NSS एवं NCC कैडेट्स आपदा के समय स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ दूसरों की जान बचाने तथा समुदाय में आपदा जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *