

गाजियाबाद। आई.टी.एस डेंटल कॉलेज, गाजियाबाद के पीरियडोनटोलॉजी विभाग द्वारा दो दिवसीय 19 से 21 अगस्त, 2026 तक चौथे एडवांस फेशियल एस्थेटिक्स कोर्स के छठवें मॉड्यूल का आयोजन सफलतापूर्वक किया गया। इसमें प्रत्येक मॉड्यूल तीन दिनों का होता है, जिसमें 36 प्रतिभागियों ने भाग लिया जिनमें निजी दंत चिकित्सक, कॉलेज के पूर्व छात्र, संस्थान के दंत चिकित्सक, एम.डी.एस के विद्यार्थी और कॉलेज के अध्यापक शामिल थे। यह कोर्स डेक्टोमैक्स इंटरनेशनल एकेडमी और प्रोफी विश्वविद्यालय, उज्बेकिस्तान के सहयोग से आयोजित किया गया था।
यह कार्यक्रम आई.टी.एस-द एजुकेशन ग्रुप के वाईस चेयरमैन अर्पित चड्ढा के सहयोग से आयोजित किया गया जिसका उद्देश्य मरीजों के बीच चेहरे के सौन्दर्य चिकित्सा के बारे में जागरूकता बढ़ाना तथा चेहरे के सौन्दर्य में वृद्धि की मांग करने वाले रोगियों की प्राथमिक वैकल्पिक लक्ष्यों को प्राप्त करना एवं रोगी को समग्र उपचार प्रदान करना है। इस पाठ्यक्रम के गेस्ट स्पीकर डॉ.आशीष कुमार सिंह, डॉ. जूही तलरेजा, डॉ. श्वेता गुप्ता एवं डॉ. गौरव तिवारी थे, जो फेशियल एस्थेटिक्स चिकित्सक के साथ-साथ अंतर्राष्ट्रीय वक्ता भी हैं। जिन्होंने फेशियल एस्थेटिक्स पर इस तरह की अनेकों कार्यशालाएं की हैं। कार्यक्रम के दौरान डॉ.आशीष एवं उनकी टीम ने कॉस्मेटिक डेन्टिस्ट्री के अन्तर्गत चेहरे की सुदंरता को ज्यादा बढ़ाने के लिए विभिन्न विकल्पों के बारे में सभी प्रतिभागियों को समझाया। इस पाठ्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को केमिकल पील्स, बोटॉक्स, लेजर हेयर रिडक्शन, डर्मल फिलर्स और अन्य फेशियल एस्थेटिक्स उपचार को सफलतापूर्वक एकीकृत करने के लिये तैयार करना है। मॉड्यूल के पहले दिन में प्रतिभागियों को स्कार रिवीजन सर्जरी, जैंथेलाजमा एक्सीजन तथा ईयरलोब रिपेयर पर प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों को स्कार के आकलन, सर्जिकल करेक्शन, एस्थेटिक टिश्यू मैनेजमेंट, सटीक एक्सीजन, घाव की सिलाई तथा पुनर्निर्माण संबंधित तकनीकों का मरीजों पर व्यावहारिक अनुप्रयोग का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। दूसरे दिन ब्लेफरोप्लास्टी, चिन इम्प्लांट जेनियोप्लास्टी तथा बक्कल फैट रिडक्शन प्रक्रियाओं पर ध्यान केंद्रित किया गया। प्रतिभागियों को चेहरे का मूल्यांकन, एस्थेटिक उपचार प्लानिंग, पलकों को सुंदर बनाना, चीन को सुंदर बनाना, चेहरे की कंटूरिंग तथा टिश्यू मैनेजमेंट जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष ध्यान दिया गया। तीसरे दिन में सर्जिकल गमी स्माइल करेक्शन तथा लिप रिडक्शन पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों को स्माइल एवं फेशियल एस्थेटिक असेसमेंट, अत्यधिक मसूड़ों के प्रदर्शन का सर्जिकल सुधार, होठों की आकृति में सुधार तथा चेहरे को सुंदर बनाना की तकनीकों का व्यापक व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। तीनों दिन प्रतिभागियों ने मरीजों पर इन नवीनतम उपचारों का हैंड्स-आॅन किया। डॉ आशीष ने विद्यार्थियों और अन्य दंत चिकित्सकों के लिये इस तरह के ज्ञानवर्धक मंच के आयोजन के लिये संस्थान को धन्यवाद दिया। इस कार्यक्रम के माध्यम से सभी प्रतिभागियों को सर्वश्रेष्ठ फेशियल एस्थेटिक्स उपचार के बारे में ज्ञान प्राप्त हुआ जिसके लिये सभी ने आई.टी.एस-द एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन डॉ. आर.पी. चड्ढा तथा वाईस चेयरमैन अर्पित चड्ढा को धन्यवाद दिया।

