पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण: संजीव शर्मा

  • पीएम पोषण योजना के तहत रसोइयों का सम्मान एवं एमएम कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम सम्पन्न

गाजियाबादमुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लखनऊ में आयोजित पीएम पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत रसोइयों के सम्मान एवं एमएम कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण प्रदेश के सभी जनपदों में देखा गया। इसी क्रम में बेसिक शिक्षा विभाग, जनपद गाजियाबाद द्वारा विकास भवन स्थित दुर्गावती सभागार में पीएम पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत रसोइयों के सम्मान समारोह एवं एमएम कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक, गाजियाबाद संजीव शर्मा रहे। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, बेसिक शिक्षा अधिकारी ओ.पी. यादव सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि विधायक संजीव शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को जीवन में आगे बढ़ने एवं विकास करने का अधिकार है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा विभिन्न वर्गों के कर्मचारियों के मानदेय में निरंतर वृद्धि की जा रही है। इससे पूर्व शिक्षकों, राशन विक्रेताओं तथा पीआरडी स्वयंसेवकों के मानदेय में वृद्धि की गई थी तथा अब रसोइयों के मानदेय में भी बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति तत्काल करनी पड़ती है, जिसके लिए कई बार लोगों को ऋण अथवा ब्याज पर धन की व्यवस्था करनी पड़ती है। ऐसी परिस्थितियों में आर्थिक बोझ को कम करने हेतु मुख्यमंत्री द्वारा विभिन्न वर्गों को स्वास्थ्य कार्ड की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे आवश्यकता के समय उन्हें समुचित सहायता प्राप्त हो सके। कहा कि विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जनपद की विभिन्न तहसीलों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। भोजपुर विधानसभा क्षेत्र में विधायक श्रीमती मंजू शिवाच तथा लोनी तहसील में विधायक नंदकिशोर गुर्जर की उपस्थिति में रसोइयों का सम्मान एवं उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के दौरान रसोइयों के मानदेय में महत्वपूर्ण वृद्धि की घोषणा की गई। रसोइयों का मासिक मानदेय रुपए 2,000 से बढ़ाकर रुपए 3,000 किए जाने पर उपस्थित रसोइयों में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण रहा। साथ ही उन्हें एमएम कैशलेस चिकित्सा कार्ड भी वितरित किए गए। इस अवसर पर पीएम पोषण योजना के सफल संचालन में रसोइयों के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना करते हुए उनका सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में अनुज त्यागी, प्रांतीय अध्यक्ष, शिक्षक संघ गाजियाबाद, टिंकू कंसल, जिला समन्वयक (मध्याह्न भोजन), डॉ. राकेश, जिला समन्वयक (समेकित शिक्षा), श्रीमती रुचि त्यागी, जिला समन्वयक (एमआईएस), विजय बघेल, ईएमआईएस प्रभारी, श्रीमती सिंपल चौधरी, जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) तथा नरेश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एसआरजी पूनम शर्मा द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *