- 48 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली, पुलिस की तीन टीमें फांक रखी जलालपुर रोड की धूल
- पीड़ित परिजनों ने निजी अस्पताल पर लगाया लापरवाही का आरोप
मुरादनगर। गुरुवार की रात गांव जलालापुर के पूर्व प्रधान सुशाील कुमार के भतीजे हिमांशु उर्फ लवी की हत्या के मामले में पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस की तीन टीमें इस मामले में लगाई गई लेकिन तीनों टीमें ही गुत्थी सुलझाने में अभी तक नाकाम हैं। हालांकि शनिवार को एसओजी व स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल पर आकर फिर से स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जलालपुर व असालतनगर रोड की धूल फांक रही पुलिस को फिलहाल कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। हालांकि पुलिस की ओर से दावा किया जा रहा है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा। हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। उधर, हिमांशु के परिजनों ने उस अस्पताल के खिलाफ निवाड़ी थाने में तहरीर दी जिसमें हिमांशु को भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल की लापरवाही से हिमांशु की मौत हुई है।
जलालपुर गांव में हिमांशु की हत्या के बाद से सन्नाटा पसरा पड़ा है। हिमांशु के घर के आसपास मातम का माहौल है और पुलिस की सक्रियता बढ़ गई है। चामुंडा पुलिस चौकी के अलावा थाने से गठित पुलिस टीमें और एसओजी इस पूरे मामले को सुलझाने में लगी हुई हैं। अब देखना यह है कि पुलिस इस हत्याकी गुत्थी कब तक सुलझा पाती है। आखिर हिमांशु की हत्या के पीछे क्या कारण रहा है। सीसीटीवी की मदद ली जा रही है। हिमांशु के मोबाइल फोन की काल डिटेल को भी ट्रेस किया जा रहा है। उधर ग्रामीणों में आक्रोश पनपता दिखाई दे रहा है। शनिवार को भी हिमांशु के घर सांत्वना देने आने वाले लोगों का तांता लगा रहा। हर किसी की जुबान पर यही बात सुनाई दे रही थी कि हिमांशु की हत्या क्यों और किसने की।

