- सीएचसी व निवोक अस्पताल में कराया गया घायलों को भर्ती
- प्राथमिक उपचार के बाद दे दी गई अस्पतालों से छुट्टी
- पुलिस ने तत्परता से किया काम, पलटी बस को क्रेन से हटवाकर जाम खुलवाया


मुरादनगर। रविवार की सुबह उत्तराखंड के रुड़की डिपो की बस ओवरटेक करने के चक्कर में गंगनहर के पास पलट गई। बस के पलटते ही यात्रियों में चीख पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची मुरादनगर पुलिस ने घायल यात्रियों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया। इस हादसे में किसी भी यात्री के हताहत होने के समाचार नहीं है। अधिकांश यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
जानकारी के अनुसार दिल्ली रुड़की डिपो की रोडवेज दिल्ली से यात्रियों को लेकर उत्तराखंड जा रही थी। बताया गया है कि बस में केवल 22 यात्री सवार थे। बस जैसे ही गंगनहर पर पहुंची तो चालक द्वारा एक दूसरे वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया गया। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस के पलटते ही बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। बस पलटने से दिल्ली-मेरठ मार्ग पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। राहगीरों व सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची मुरादनगर पुलिस ने घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मुरादनगर व मोदीनगर के निवोक अस्पतालों के भेजा। पुलिस के मुताबिक क्रेन बुलवाकर बस सड़क से हटाकर यातायात सुचारू करा दिया गया। हादसे में लगभग 15 यात्री घायल हुए हैं। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पतालों से छुट््टी दे दी गई और उनको दूसरी बसों में उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया है। घायल यात्रियों के नाम-पते दर्ज कर लिए गए हैं।

