गाजियाबाद। हिसाली अंडरपास का निर्माण अचानक बंद किए जाने से ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। रविवार को हिसाली मार्ग स्थित फाटक पर चल रहे अंडरपास को लेकर ग्राम प्रधान राहुल सेन एवं हिंदू राजीव झंडे वाला के नेतृत्व में सूर्य विहार कॉलोनी के लोगों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बताया कि दो महीने पहले निर्माण कार्य शुरू कराया गया था। यह निर्माण कार्य दीपावली से एक हफ्ता पहले बंद कर दिया गया और तब से अंडरपास का निर्माण कार्य रुका हुआ है। निर्माण कार्य बंद किए जाने से कॉलोनी एवं ग्राम वासियों को बहुत ही दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अंडरपास का निर्माण कार्य जेपीसीएल कंपनी कर रही है। जेपीसीएल कंपनी का कहना है कि निर्माण कार्य बिजली विभाग द्वारा लाइन शिफ्ट न किए जाने के कारण रुका पड़ा है। रोड के बीच में जो खंभे बिजली के लगे हुए हैं उनको हटाने के लिए बिजली विभाग की तरफ से कोई भी प्रतिक्रिया अभी तक नहीं आई है। जिसके चलते निर्माण कार्य को रोकना पड़ा है। यह कार्य 7 से 8 महीने में पूरा होना था लेकिन लगता है कि अब इसका निर्माण पूरा होने में दो से तीन वर्ष का समय लग जागएा। कॉलोनी के सभी लोगों और स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को आने-जाने में बहुत ही दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कालोनी के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि अंडरपास का निर्माण कार्य जल्द शुरू नहीं किया गया तो निर्माणकर्ता कंपनी व पावर कारपोरेशन के अधिकारियों का घेराव किया जाएगा।

