




गाजियाबाद: विद्यार्थियों की सुरक्षा, आपदा के प्रति जागरूकता एवं विद्यालयों में सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री स्कूल सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत ‘मेगा इवेंट – स्कूल सुरक्षा कार्यक्रम’ का आयोजन जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गाजियाबाद द्वारा उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (UPSDMA) के तत्वावधान में किया गया ।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय कर्मचारियों को विभिन्न आपदाओं के प्रति जागरूक करना तथा आपदा की स्थिति में प्रभावी एवं त्वरित प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार करना था । कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार की आपदाओं से बचाव, सुरक्षा उपायों, सुरक्षा उपकरणों एवं आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी प्रदान की गयी ।
आईटीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा ने सभी को अपने सन्देश मे कहा कि आज के समय में आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा जागरूकता अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। प्राकृतिक आपदाएँ हों या मानव निर्मित दुर्घटनाएँ, इनके प्रभाव को कम करने के लिए जागरूकता, तैयारी और समय पर सही कदम उठाना आवश्यक है। मुझे खुशी है कि उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गाजियाबाद द्वारा मुख्यमंत्री स्कूल सुरक्षा कार्यक्रम (फेज-3) के अंतर्गत इस प्रकार के कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को न केवल सुरक्षित रहने के उपाय सिखाते हैं, बल्कि उनमें जिम्मेदारी, सतर्कता और दूसरों की सहायता करने की भावना भी विकसित करते हैं।
आईटीएस यूजी कैंपस की प्रिंसिपल डॉ. नैंसी शर्मा ने कहा कि आपदा प्रबंधन केवल आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जागरूकता, सतर्कता और सही समय पर सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने का माध्यम है। मुख्यमंत्री स्कूल सुरक्षा कार्यक्रम (फेज-3) के अंतर्गत आयोजित यह मेगा इवेंट विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आपदा से बचाव, सुरक्षा उपायों और आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी प्रतिक्रिया देने के लिए प्रशिक्षित करने की एक सराहनीय पहल है।
गाज़ियाबाद के एडीएम (फाइनेंस एंड रेवेनुए) अंजनी कुमार सिंह ने अपने सम्बोधन मे कहा कि सुरक्षा केवल एक प्रशिक्षण का विषय नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा होनी चाहिए। यदि हमारे विद्यार्थी आपदा के समय सही निर्णय लेने और दूसरों की मदद करने में सक्षम बनें, तो यह समाज के लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी। मैं इस महत्वपूर्ण पहल के लिए सभी आयोजकों, विशेषज्ञों एवं सहयोगी संस्थाओं को हार्दिक बधाई देता हूँ और आशा करता हूँ कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक सिद्ध होगा।
एसीपी, गाजियाबाद धर्मेंद्र कुमार ने अपने संबोधन में आपदा प्रबंधन के दौरान पुलिस प्रशासन की भूमिका एवं त्वरित प्रतिक्रिया के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने, सतर्क रहने तथा सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, उन्होंने सुरक्षित समाज के निर्माण में प्रशासन और नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी पर बल दिया।
आयोजन मे आये हुए डिजास्टर मैनेजमेंट एक्सपर्ट वैभव पांडेय, मास्टर ट्रेनर डिजास्टर एंड साइबर तुषार शर्मा, मास्टर ट्रेनर डिजास्टर मैनेजमेंट अंकित त्यागी, फायर ऑफिसर, साहिबाबाद गगन कुमार एवं सब इंस्पेक्टर ऑपरेशन्स-एनडीआरएफ नितिन शर्मा ने कार्यक्रम में अग्नि सुरक्षा, भूकंप से बचाव, बाढ़ से सुरक्षा, रासायनिक आपदाओं से बचाव तथा आपातकालीन निकासी (Evacuation) अभ्यास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष जोर दिया जाएगा। विद्यार्थियों को व्यावहारिक गतिविधियों एवं सुरक्षा अभ्यासों के माध्यम से आपदा के समय सुरक्षित रहने, सतर्कता बरतने तथा सही तरीके से प्रतिक्रिया देने के लिए प्रशिक्षित किया गया ।
इस पहल का उद्देश्य विद्यालयों में आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा संस्कृति को विकसित करना, विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें किसी भी आपात स्थिति का सामना करने के लिए तैयार करना है।
इस अवसर पर संस्थान के चेयरमैन डॉ. आर. पी. चड्ढ़ा, वाईस चेयरमैन अर्पित चड्ढ़ा, प्रबंधन के डायरेक्टर डॉ. अजय कुमार, आईटी के डायरेक्टर डॉ. सुनील कुमार पांडेय, यूजी संस्थान की प्रिंसिपल डॉ. नैंसी शर्मा, डीन डॉ. विदुषी सिंह, प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर प्रो. मुन्ना मिश्रा , बीबीए एचओडी प्रो. आदिल खान, बीसीए एचओडी डॉ. नीरज जैन, कॉलेज स्टाफ एवं छात्र मौजूद रहे ।

