रवि अरोड़ा
गढ़ मुक्तेश्वर में लगने वाले कार्तिक पूर्णिमा के गंगा मेले के बारे में बचपन से सुनता आया हूं मगर चाह कर भी वहां जाने की हिम्मत आज तक नहीं जुटा सका । हिम्मत तो खैर अब किसी अन्य मेले में भी जाने की नहीं होती मगर इस गंगा मेले को लेकर तो खास किस्म का खौफ ही दिलो दिमाग पर तारी रहता है। मीलों लंबे ट्रैफिक जाम, मेला स्थल पर लाखों लोगों द्वारा खुले में किया गया शौच, भीड़ द्वारा गंगा की दुर्गति और सबसे बढ़ कर भैंसा बुग्गी की दौड़ के दौरान मासूम जानवरों पर होने वाले अत्याचार की खबरें इस कदर डराती हैं कि सारे साल जाने का कार्यक्रम बनाता हूं मगर ऐन मौक़े पर रद्द कर देता हूं। वैसे मन तो बहुत करता है भारतीय संस्कृति के उस अनोखे रूप को देखने का, जिसके तहत लाखों लोग इसकी तैयारी में सारे साल जुटे रहते हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुंभ कहे जाने वाले धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक परंपरा के इस विराट आयोजन में शामिल होना भला कौन नहीं चाहेगा । यूं भी सदियों से चली आ रही इस परंपरा में क्या नहीं है। आस्था है, इतिहास है, लोकजीवन है, किसान संस्कृति है l और तो और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की धड़कन भी है । तभी तो लाखों लोग हर साल अपने परिवारों के साथ गंगा स्नान के लिए यहां पहुंचते हैं। गांवों से भैंसा-बुग्गियों के बड़े बड़े काफिले आते हैं। तंबू लगते हैं, बाजार सजते हैं, सांस्कृतिक कार्यक्रम होते हैं, मेल-मिलाप होता है और एक विशाल अस्थायी शहर आबाद हो जाता है। मगर हाय री अव्यवस्था! मुझ जैसों के कदम हर बार रोक रोक लेती है।
बेशक कार्तिक पूर्णिमा हमारे हिंदू धर्म की अत्यंत महत्वपूर्ण तिथि है और इसे देव दीपावली भी कहा जाता है। पुराणों में भी कार्तिक मास के स्नान, दान और दीपदान की विशेष महिमा बताई गई है। बात बस इतने तक ही सीमित रहे तो सब कुछ बहुत अच्छा लगता है मगर हमारा दुर्भाग्य कि सबसे बड़ा और सबसे शर्मनाक विरोधाभास भी यहीं हमारे सामने आ जाता है । जिस नदी को मां कहकर हम पूजते हैं, उसी नदी के किनारे को गंदगी से नर्क बना देने में जरा भी संकोच नहीं करते। गंगा में डुबकी लगाना अच्छा है । आचमन भी ठीक है। पूजा व पितरों के लिए मोक्ष की कामना भी जायज है लेकिन गंगा किनारे खुले में शौच, स्नान के बाद कपड़े, प्लास्टिक, पूजा सामग्री, खाने-पीने का कचरा और दूसरी गंदगी गंगा में छोड़ने को कैसे जायज ठहराएं ? यह कैसी विडंबना है कि एक ओर गंगा की आरती के लिए भव्य मंच सजते हैं, वहीं दूसरी ओर उसी गंगा के किनारे मानव मल और कचरा पड़ा रहता है।
सबसे अधिक दुखदायी तो होता है भैंसा बुग्गी दौड़ के दौरान भैंसों पर अमानवीय अत्याचार की खबरें सुनना। बेशक
गढ़गंगा मेले की एक विशिष्ट पहचान भैंसा-बुग्गियां ही होती हैं और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की किसान संस्कृति में इनका अपना ऐतिहासिक और भावनात्मक स्थान भी है। सजी-धजी बुग्गियों में बैठकर परिवारों का मेले तक पहुंचना ग्रामीण जीवन की एक खूबसूरत परंपरा भी रही है। लेकिन इस परंपरा को कुछ लोगों ने जिस विकृत रूप में बदल दिया है, वह बेहद निंदनीय है। भैंसा-बुग्गी को तेज दौड़ाने की होड़ में भैंसों पर चाबुक बरसाए जाते हैं। उन्हें नुकीले डंडों से गोदा जाता है। कुछ मामलों में लकड़ी के फट्टों में कीलें लगाकर पशुओं को चुभाने की बातें भी सामने आती हैं। भैंसे को नशीला पदार्थ पिला कर उसे पागल सा कर दिया जाता है। उनका दर्द, थकान और शारीरिक क्षमता किसी की चिंता का विषय नहीं रह जाते। मालिकों के लिए मानो पशु कोई जीवित प्राणी नहीं, बल्कि अपनी मर्दानगी, ताकत और दबदबे के प्रदर्शन का औजार बन गए हों। इस दौड़ में शर्ते लगती हैं, ईनाम रखे जाते हैं। कई बार यह तमाशा सड़कों और राजमार्गों तक पहुंच जाता है। बुग्गियों की रफ्तार बढ़ाने के लिए पशुओं को बेतहाशा दौड़ाया जाता है। उनके पीछे मोटरसाइकिलों पर सवार युवकों के काफिले चलते हैं। यातायात बाधित होता है और आम लोगों की जान खतरे में पड़ जाती है सो अलग। हालांकि इस बार प्रशासन ने थोड़ी सख्ती दिखाई और कई लोगों को पकड़ा भी मगर ढीठ लोग फिर भी बाज नहीं आ रहे । यह कैसी संस्कृति हम विकसित कर रहे हैं, जिसमें अपने मनोरंजन और प्रतिष्ठा के लिए एक बेजुबान जानवर को दर्द सहने के लिए मजबूर किया जाता है ? जिस देश में गाय, बैल और भैंस को ग्रामीण अर्थव्यवस्था का आधार माना गया, जहां पशुओं को परिवार का हिस्सा समझने की परंपरा रही है, वहां उनके शरीर पर कीलें चुभाकर उन्हें दौड़ाना किस सभ्यता का परिचय है ?
ऐसा नहीं है कि शासन प्रशासन की निगाहों से कुछ भी छुपा है मगर इतना बड़ा मेला चंद दिनों की तैयारी से कैसे निपटे, यह किसी को नहीं पता । हर साल बैठकें होती हैं। सुरक्षा और यातायात के इंतजामों की समीक्षा होती है। सफाई, पेयजल और शौचालयों के निर्देश दिए जाते हैं। निरीक्षण होते हैं और तैयारियों को लेकर बयान जारी होते हैं। लेकिन मेला समाप्त होते ही सारी सक्रियता भी फिर समाप्त हो जाती है। अगले साल फिर वही बैठकें, वही निर्देश और वही दावे। क्या इसका स्थायी इलाज एक स्थायी मेला प्राधिकरण बना कर नहीं किया जा सकता ? क्या यह कोई दुरुह कार्य है ?

