योजना का लाभ पात्रों तक पहुंचाने और आवासों के दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए सत्यापन अभियान जारी रहेगा : जिलाधिकारीजिलाधिकारी के निर्देशन में 400 आवासों का स्थलीय निरीक्षण कर की गई जांच, सत्यापन प्रक्रिया जारी
गाजियाबाद। जनपद गाजियाबाद में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्रीमती ज्योति मौर्या के नेतृत्व में कांशीराम आवास योजना के अंतर्गत आवंटित आवासों का सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। जनसुनवाई के दौरान योजना से संबंधित शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि कुछ अपात्र लोगों को आवास आवंटित किए गए हैं, कुछ लाभार्थी आवास बेचकर चले गए हैं, कुछ ने आवासों में किरायेदार रखे हुए हैं तथा कई आवासों में कोई निवास नहीं कर रहा है और वे लंबे समय से बंद पड़े हैं।
प्राप्त शिकायतों का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर आवासों का स्थलीय निरीक्षण एवं सत्यापन कराया गया। इस दौरान जांच के लिए कुल 400 आवास चिह्नित किए गए। अपर जिलाधिकारी प्रशासन के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा स्थलीय निरीक्षण एवं अभिलेखों की जांच करते हुए आवासों की वास्तविक स्थिति का सत्यापन किया जा रहा है।
जांच के प्रथम चरण में अनियमितताएं पाए जाने पर 11 लाभार्थियों को नोटिस जारी किए गए। वहीं, जांच में 6 लाभार्थियों के अपात्र पाए जाने पर उनके आवास आवंटन निरस्त कर दिए गए। सत्यापन की कार्रवाई का उद्देश्य योजना के अंतर्गत आवंटित आवासों का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना तथा अपात्र व्यक्तियों द्वारा आवासों के अनुचित उपयोग पर रोक लगाना है।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेकर नियमानुसार जांच एवं कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र व्यक्तियों को मिल सके।

