टीबीआई-केआईईटी में जेनेसिस-ईआईआर के तीसरे चरण के लिए आवेदन शुरू

  • प्रारंभिक चरण के नवाचारों के लिए 10 लाख तक की सहायता

गाजियाबाद : केआईईटी मानद विश्वविद्यालय स्थित टेक्नोलॉजी बिजनेस इनक्यूबेटर ने भारत सरकार की जेनेसिस योजना के अंतर्गत एंटरप्रेन्योर-इन-रेजिडेंस (ईआईआर) घटक के तीसरे चरण (कोहॉर्ट 3) के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। जेनेसिस योजना का क्रियान्वयन इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के स्टार्टअप हब के माध्यम से किया जा रहा है।
जेनेसिस यानी “जेन-नेक्स्ट सपोर्ट फॉर इनोवेटिव स्टार्टअप्स” इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की एक व्यापक योजना है, जिसके लिए पांच वर्षों की अवधि में 490 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इस योजना का उद्देश्य टियर-2 और टियर-3 शहरों में तकनीकी स्टार्टअप्स की पहचान, उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना तथा उनके विकास को गति देना है। योजना की अवधि के दौरान 10,000 से अधिक तकनीकी स्टार्टअप्स को लाभान्वित एवं सुदृढ़ करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना का क्रियान्वयन लगभग 50 संस्थाओं के माध्यम से किया जा रहा है, जिनमें प्राथमिकता छोटे शहरों में स्थित संस्थानों को दी गई है। टीबीआई-काईट भी इस योजना की कार्यान्वयन एजेंसियों में शामिल है।
जेनेसिस योजना के अंतर्गत स्टार्टअप इकोसिस्टम को चार प्रमुख घटकों के माध्यम से सहयोग प्रदान किया जाता है—ईआईआर ट्रैक के अंतर्गत आइडिएशन सपोर्ट, पायलट अथवा प्रूफ-ऑफ-कॉन्सेप्ट सहायता, डीप-टेक स्टार्टअप सहायता तथा निवेश सहायता। वर्तमान आवेदन प्रक्रिया से संबंधित प्रारंभिक चरण के ईआईआर ट्रैक के अंतर्गत बिना किसी मैचिंग फंड की अनिवार्यता के ₹10 लाख तक की वित्तीय सहायता उपलब्ध है। वहीं, योजना के अन्य घटकों के अंतर्गत पायलट एवं निवेश सहायता के लिए ₹50 लाख तक तथा चयनित डीप-टेक उद्यमों के लिए ₹1 करोड़ तक की सहायता का प्रावधान है।
टीबीआई-काईट के तीसरे कोहोर्ट के लिए आवेदन डीप-टेक सॉफ्टवेयर एवं उत्पाद, इलेक्ट्रॉनिक्स डिजाइन एवं मैन्युफैक्चरिंग तथा सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन के लिए आवेदक का भारतीय नागरिक होना आवश्यक है। पात्र आवेदकों में पूर्णकालिक स्नातक अथवा स्नातकोत्तर विद्यार्थी तथा दो वर्ष से कम पुराने DPIIT-पंजीकृत स्टार्टअप के संस्थापक शामिल हैं। योजना के उद्देश्यों के अनुरूप केवल टियर-2 और टियर-3 शहरों से संबंधित पात्र आवेदकों के आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
आवेदकों से अपेक्षा की जाती है कि वे आइडिएशन, कॉन्सेप्ट, प्रोटोटाइपिंग, वैलिडेशन, प्रूफ-ऑफ-कॉन्सेप्ट अथवा वर्किंग प्रोटोटाइप के चरण में किसी नवाचार या तकनीकी समाधान पर कार्य कर रहे हों। चयनित प्रतिभागियों के लिए केआईईटी, गाजियाबाद परिसर में भौतिक रूप से इनक्यूबेशन अनिवार्य होगा। इस अवधि के दौरान प्रतिभागियों को संस्थान की प्रयोगशालाओं, विशेषज्ञ मेंटर्स तथा उद्योग जगत से जुड़े संसाधनों एवं नेटवर्क का लाभ प्राप्त होगा।
जेनेसिस प्लेटफॉर्म को मंत्रालय की विभिन्न स्टार्टअप-केंद्रित पहलों तक पहुंच के लिए एक सिंगल-विंडो प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया गया है। इसके अंतर्गत टाइड केंद्रों, समृद्ध एक्सेलेरेटर्स, एनजीआईएस केंद्रों तथा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस को एकीकृत करते हुए प्रतिभागी स्टार्टअप्स को मेंटर्स, निवेशकों एवं संस्थागत भागीदारों तक पहुंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है। योजना की गतिविधियां मंत्रालय की व्यापक पहलों, जिनमें इंडिया एआई, इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन और इंडिया स्टैक शामिल हैं, के अनुरूप संचालित की जाती हैं।

आवेदन एवं संपर्क संबंधी जानकारी

जेनेसिस-ईआईआर के तीसरे कोहोर्ट के लिए इच्छुक आवेदक आधिकारिक आवेदन लिंक के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं: https://meitystartuphub.accubate.app/ext/form/23966/1/apply
आवेदन प्रक्रिया, पात्रता एवं अन्य जानकारी से संबंधित जानकारी के लिए tbikiet@gmail.com पर ई-मेल किया जा सकता है अथवा 9999017712 / 9756277542 पर संपर्क किया जा सकता है।
योजना एवं टीबीआई-काईट से संबंधित अधिक जानकारी के लिए www.tbi-kiet.in पर विज़िट किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *