एसजी शिखर हाइट्स में बच्चों ने किया बाल रामलीला का भव्य मंचन

गाजियाबाद: सिद्धार्थ विहार स्थित एसजी शिखर हाइट्स में शिव शरणम् मंदिर कमेटी के तत्वावधान में बाल रामलीला का भव्य मंचन किया गया। इसमें 4 से 15 वर्ष तक के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नन्हे बच्चों ने बाल राम, बाल लक्ष्मण, बाल सीता की भूमिका निभाई, वहीं बड़े बच्चों ने भगवान श्रीराम सहित रामायण के विभिन्न प्रमुख पात्रों का सजीव अभिनय किया।
रामलीला में बालकांड, गुरु वशिष्ठ से शिक्षा, सीता स्वयंवर, कैकेयी द्वारा वनवास, लक्ष्मण रेखा, सीता हरण, जटायु प्रसंग, शबरी मिलन और श्रीराम-रावण युद्ध जैसे महत्वपूर्ण प्रसंगों का सुंदर चित्रण किया गया। इस आयोजन के माध्यम से बच्चों ने भारतीय संस्कृति, मर्यादा और धार्मिक मूल्यों को मंच पर प्रस्तुत किया।
बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए शनिवार को उन्हें हनुमान चालीसा कार्यक्रम के साथ प्रमाणपत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस पहल ने बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें भारतीय संस्कृति और रामायण के आदर्शों से जोड़ने का सराहनीय प्रयास किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *