कॉलेज जीवन अपने सपनों को वास्तविकता में बदलने का महत्वपूर्ण अवसर: अर्पित चड्ढा

  • आई.टी.एस. में नवप्रवेशित बीबीए एवं बीसीए विद्यार्थियों के लिए प्रारंभ-2026 ओरिएंटेशन कार्यक्रम का भव्य आयोजन
  • विद्यार्थियों को अपने लक्ष्यों के प्रति समर्पित रहना चाहिए: प्रो. नैन्सी शर्मा
  • प्रतिस्पर्धा के इस दौर में वही विद्यार्थी आगे बढ़ेंगे जो लगातार स्वयं को अपग्रेड करते रहेंगे
  • अनुशासन, सकारात्मक सोच, समय प्रबंधन एवं निरंतर सीखने की आदत को छात्र अपने जीवन का हिस्सा बनाएं
  • जीवन में सफलता डिग्री प्राप्त करने से नहीं, बल्कि अनुशासन, ईमानदारी, निरंतर सीखने की आदत से मिलती है: डॉ. आर.पी. सिंह

गाजियाबाद। मोहननगर स्थित आई.टी.एस के यूजी कैंपस में नवप्रवेशित बीबीए (31वें बैच) एवं बीसीए (30वें बैच) के विद्यार्थियों के स्वागत एवं उनके उज्जवल भविष्य की दिशा निर्धारित करने के उद्देश्य से प्रारंभ-2026 ओरिएंटेशन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के नए वातावरण से परिचित कराने के साथ-साथ उन्हें अकादमिक उत्कृष्टता, अनुशासन, सकारात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता एवं करियर निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा। आई.टी.एस. एजुकेशन ग्रुप के वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि कॉलेज जीवन अपने सपनों को वास्तविकता में बदलने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रहने, बल्कि नई तकनीकों, संचार कौशल, रचनात्मकता, टीमवर्क और व्यावहारिक ज्ञान पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में वही विद्यार्थी आगे बढ़ेंगे जो लगातार स्वयं को अपग्रेड करते रहेंगे।
आई.टी.एस. यूजी कैंपस की प्रधानाचार्या डॉ. नैन्सी शर्मा ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कॉलेज जीवन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, ज्ञान एवं कौशल के विकास का महत्वपूर्ण चरण है। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्यों के प्रति समर्पित रहते हुए अनुशासन, सकारात्मक सोच, समय प्रबंधन एवं निरंतर सीखने की आदत को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि आई.टी.एस. यूजी कैंपस उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ अपने करियर एवं व्यक्तित्व निर्माण के लिए आवश्यक सभी अवसर एवं मार्गदर्शन प्रदान करेगा।
डॉ. आर.पी. सिंह, आईपीएस (सेवानिवृत्त), पूर्व डीजीपी, उत्तर प्रदेश ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता केवल डिग्री प्राप्त करने से नहीं, बल्कि अनुशासन, ईमानदारी, निरंतर सीखने की आदत और सही दृष्टिकोण से प्राप्त होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर उस दिशा में निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने समय का सदुपयोग करें, चुनौतियों से घबराने के बजाय उनका सामना करें और अपने व्यक्तित्व में नेतृत्व के गुण विकसित करें।
देविंदर सिंह, सीनियर वाईस प्रेजिडेंट आईटी एवं सीआईएसओ, रैलीगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड एवं विशिष्ट पूर्व छात्र, बीसीए (बैच 2000झ्र2003) ने विद्यार्थियों को तकनीकी एवं डिजिटल युग की बदलती आवश्यकताओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि बीबीए एवं बीसीए के विद्यार्थियों के लिए तकनीकी दक्षता के साथ-साथ डेटा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल प्लेटफॉर्म और आधुनिक बिजनेस टूल्स का ज्ञान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को सीखने की जिज्ञासा बनाए रखने तथा प्रत्येक अवसर का उपयोग अपने कौशल को बेहतर बनाने के लिए करने की प्रेरणा दी।
आर्थर शेरी, इंटरनेशनल स्पीकिंग कोच ने विद्यार्थियों को प्रभावी संचार एवं व्यक्तित्व विकास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ज्ञान तभी प्रभावी बनता है जब व्यक्ति उसे आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत कर सके। उन्होंने विद्यार्थियों को अंग्रेजी भाषा, पब्लिक स्पीकिंग, प्रेजेंटेशन स्किल्स एवं आत्मविश्वास विकसित करने के लिए नियमित अभ्यास करने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था, विभिन्न क्लब एवं गतिविधियों, इंडस्ट्री एक्सपोजर, इंटर्नशिप, प्लेसमेंट, कौशल विकास एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के बारे में भी जानकारी दी गई। इस अवसर पर संस्थान के वरिष्ठ पदाधिकारी, निदेशक, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में नवप्रवेशित विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने अतिथियों के प्रेरणादायी विचारों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *