डीएम की अनूठी पहल: गाजियाबाद में पहली बार गांव में आयोजित हुआ किसान दिवस

  • किसानों के बीच, किसानों के साथ, किसानों की बात के मूल मंत्र के साथ अगले माह भी होगा आयोजन
  • निर्देश-किसानों की समस्याओं का अधिकारी करें त्वरित निस्तारण
  • प्रशासन का उद्देश्य किसानों की समस्याओं को समझना और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना
  • धरनारत किसानों ने जिलाधिकारी से संवाद के पश्चात समाप्त किया धरना

गाजियाबाद। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ जहां अपने कार्यालय में लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हैं और उनका निराकरण कर रहे हैं उससे वास्तव में लोगों को बड़ी राहत मिल रही है। इसी कड़ी में उन्होंने एक अनूठी पहल की है। पहली बार गाजियाबाद में गांव में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस बार विकास भवन सभागार के स्थान पर ब्लॉक भोजपुर के ग्राम तलहेटा की चौपाल पर किसान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ की अध्यक्षता में आयोजित इस किसान दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने किसानों की समस्याएं सुनीं और उनके गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। इस पहल से पूर्व से धरने पर बैठे किसानों की समस्याओं पर भी संवाद हुआ, जिसके बाद जिलाधिकारी ने किसानों का धरना समाप्त कराया। किसानों ने इस पहल के लिए जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी एवं उप कृषि निदेशक का आभार व्यक्त किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य किसानों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझना और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के बीच, किसानों के साथ, किसानों की बात के मूल मंत्र के साथ इस पहल को अगले माह भी दोहराया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों को आगामी किसान दिवस का आयोजन भी किसी ग्राम में ही करने के निर्देश दिए गए, ताकि अधिक से अधिक किसान सीधे जिला प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं रख सकें। किसान दिवस में सिंचाई, विद्युत, खाद-बीज, राजस्व, गन्ना भुगतान सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समस्याओं का संज्ञान लेकर उनके निस्तारण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

गन्ना किसानों के भुगतान को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश

जिलाधिकारी ने चीनी मिल द्वारा किसानों के ब्याज की बकाया धनराशि 21.65 करोड़ रुपये का भुगतान दीपावली से पहले सुनिश्चित कराने के लिए जिला गन्ना अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए, ताकि किसानों को समय से उनका बकाया भुगतान मिल सके।

विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर जताई नाराजगी

किसान दिवस के दौरान विद्युत विभाग से संबंधित समस्याओं के विषय में अधिशासी अभियंता द्वारा समुचित जानकारी न दिए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने विभाग से संबंधित शिकायतों की पूरी जानकारी रखें तथा किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

एक सप्ताह में शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

मुख्य विकास अधिकारी ने समस्त विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत पर एक सप्ताह के भीतर शिकायतकर्ता से संपर्क स्थापित किया जाए और समस्या का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न बरतने तथा किसानों को कार्रवाई से अवगत कराने पर भी जोर दिया।
जिलाधिकारी ने विगत किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों की निस्तारण आख्या प्रस्तुत नहीं करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध चेतावनी जारी करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, उप कृषि निदेशक श्री आशीष कुमार सिंह सहित कृषि, उद्यान, सिंचाई, विद्युत, राजस्व, पशुपालन एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विजेंद्र सिंह चौधरी ने उपस्थित अधिकारियों एवं किसान बंधुओं का धन्यवाद ज्ञापित किया। ग्राम स्तर पर किसान दिवस आयोजित करने की इस पहल को किसानों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने तथा समस्याओं के त्वरित निस्तारण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

जनपद का नाम रोशन करने पर मोदीनगर की बेटी सिमरन और मुरादनगर निवासी प्रदीप को दी शुभकामनाएं

किसान दिवस के दौरान जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने एशियन पैरा गेम्स-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद गाजियाबाद का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाली मोदीनगर की बेटी सिमरन शर्मा और मुरादनगर निवासी प्रदीप कुमार को हार्दिक बधाई दी। जापान में आयोजित प्रतियोगिता में सिमरन शर्मा ने महिलाओं की 200 मीटर दौड़ 24.80 सेकंड में पूरी कर स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, प्रदीप कुमार ने एफ-54 वर्ग की भाला फेंक स्पर्धा में 27.45 मीटर का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता।
जिलाधिकारी ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि जनपद के लिए गौरव का विषय है। उनके उज्जवल भविष्य के लिए शासन स्तर से की जाने वाली घोषणाओं को तत्काल प्रभाव से लागू कराया जाएगा। निर्वाचन कार्यों के समापन के बाद दोनों खिलाड़ियों को जिला आइकॉन के रूप में सम्मानित किया जाएगा और उन्हें प्रशासनिक गतिविधियों से भी जोड़ा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *