श्री सुल्लामल रामलीला द्वारा निकाली गई भव्य गणेश शोभायात्रा

  • 42 डोलों ने भरे श्रद्धा और भक्ति के रंग
  • जगह-जगह नगरवासियों एवं व्यापारियों ने पुष्पवर्षा कर भगवान गणेश जी का स्वागत किया

गाजियाबाद। श्री सुल्लामल रामलीला द्वारा सोमवार की संध्या भगवान गणेश के विधिवत पूजन और नगर में शोभायात्रा निकाली गयी। इससे पूर्व रविवार को रावण के दूत ने नगर भ्रमण कर रावण राज प्रारंभ होने का संदेश नगरवासियों को दिया था। इसके अगले दिन सोमवार को भगवान गणेश की भव्य शोभायात्रा ने पूरे नगर को भक्ति और उत्साह से सराबोर कर दिया।
ठाकुरद्वारा मंदिर से निकली गणेश शोभायात्रा में 42 डोले, मनमोहक झांकियां एवं बैंड शामिल रहे। शोभायात्रा जैसे-जैसे मुख्य बाजारों से होकर गुजरी, श्रद्धालुओं और व्यापारियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बाजार में जगह-जगह नगरवासियों एवं व्यापारियों ने पुष्पवर्षा कर भगवान गणेश का स्वागत किया। पूरा वातावरण गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से गूंज उठा।
भव्य शोभायात्रा रामलीला मैदान, घंटाघर पहुंची, जहां श्री सुल्लामल रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अजय बंसल, महामंत्री नरेश अग्रवाल, उस्ताद अशोक गोयल सहित कमेटी के पदाधिकारियों ने विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ भगवान गणेश का पूजन किया।
इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए अध्यक्ष अजय बंसल ने कहा कि भगवान गणेश प्रथम पूज्य हैं और किसी भी शुभ कार्य का शुभारंभ उनके पूजन के बिना पूर्ण नहीं माना जाता। गणेश पूजन के साथ शुरू होने वाली रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि मयार्दा, सत्य, धर्म और संस्कारों का संदेश समाज तक पहुंचाने वाली हमारी गौरवशाली परंपरा है।
शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब यह दर्शाता है कि आज भी रामलीला और सनातन संस्कृति के प्रति नगरवासियों की आस्था उतनी ही गहरी और मजबूत है। रामलीला के आयोजन से पूरा नगर आने वाले दिनों में भगवान श्रीराम की भक्ति और आदर्शों से जुड़ने वाला है।
गणेश शोभायात्रा में संजीव मित्तल, अनिल चौधरी, प्रदीप मित्तल, सुधीर गोयल मोनू, रविंद्र मित्तल, ज्ञान प्रकाश, सुभाष गुप्ता, सुबोध गुप्ता, सुनील कुमार शिलो, दिनेश शर्मा बब्बे, सुभाष बजरंगी, नंद किशोर नंदू, अजय गुप्ता, राजेश बंसल, विनोद गोयल, नितिन मित्तल, श्रवण अग्रवाल, शिवांशु गर्ग, कुश बजरंगी, वीरेंद्र कंडेरे, पार्षद नीरज गोयल सहित बड़ी संख्या में रामलीला कमेटी के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक, व्यापारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *