






गाजियाबाद। कमला नेहरू नगर स्थित आठवीं बटालियन एनडीआरएफ, गाजियाबाद में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, गरिमा एवं राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर वाहिनी कमांडेंट सुदेश कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के दौरान एनडीआरएफ बैंड द्वारा प्रस्तुत राष्ट्रगान की धुन पर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके उपरांत समारोह में वन्दे मातरम गीत को बड़े उत्साह के साथ गया। कार्यक्रम में एनडीआरएफ लिटिल स्टार्स प्ले स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्वतंत्रता दिवस समारोह से पूर्व वाहिनी कमांडेंट सुदेश कुमार ने शहीद स्थल पर पहुंचकर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर सपूतों को नमन किया। इस अवसर पर वाहिनी कमांडेंट ने उपस्थित अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, रेस्क्यूअर्स एवं उनके परिवार जनों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि 15 अगस्त 1947 का दिन भारतीय इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में अंकित है। इसी दिन देश ने लंबे संघर्ष और असंख्य बलिदानों के बाद ब्रिटिश शासन से स्वतंत्रता प्राप्त की। यह दिवस हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर सपूतों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का स्मरण कराता है, जिनके अथक प्रयासों से देश को स्वतंत्रता मिली। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारे कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी बोध कराती है। आज देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है और एक सशक्त, आत्मनिर्भर एवं समृद्ध राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि वे राष्ट्रसेवा की भावना से प्रेरित होकर अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ निर्वहन करें तथा आपदा के समय देशवासियों की सेवा एवं सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहें। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पूरा बटालियन परिसर देशभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना से ओत-प्रोत नजर आया। कार्यक्रम में आठवीं बटालियन एनडीआरएफ के सभी अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं रेस्क्यूअर्स उपस्थित रहे। समारोह के समापन के उपरांत बटालियन परिसर में बड़े खाने (सामूहिक भोज) का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

