गाजियाबाद। वन्यजीव सप्ताह के समापन समारोह के अवसर पर वन विभाग, गाजियाबाद द्वारा आर्ट लिपि गैलरी स्टूडियो, गाजियाबाद में चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य वन्यजीव एवं प्रकृति संरक्षण के प्रति जनसामान्य, विशेषकर विद्यार्थियों में जागरूकता एवं संवेदनशीलता को बढ़ावा देना रहा।
चित्रकला प्रदर्शनी में विभिन्न कला संस्थानों एवं कलाकारों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान शेड्स आर्ट स्टूडियो, आर्ट पैशन स्टूडियो, अब्धेश मधुबनी आर्टिस्ट, अनुभा कर्ण मधुबनी आर्टिस्ट, आर्ट लिपि स्टूडियो, चेतनाज आर्ट्स स्टूडियो तथा इंस्टीट्यूट ऑफ फाइन आर्ट एंड डिजाइन सहित कुल 7 कला संस्थानों/कलाकार समूहों के 12 कलाकारों द्वारा वन्यजीव एवं प्रकृति संरक्षण से संबंधित चित्र प्रदर्शित किए गए।
प्रदर्शनी में ग्रीन फील्ड स्कूल, रामकृष्ण इंस्टीट्यूट, इनग्राहम इंग्लिश मीडियम स्कूल, जीडी गोयंका पब्लिक स्कूल एवं भागीरथी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों एवं अध्यापकों ने भी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों द्वारा प्रदर्शित कलाकृतियों के माध्यम से वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण एवं प्रकृति के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान पार्षद अमित त्यागी, प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी प्रभाग, गाजियाबाद श्रीमती ईशा तिवारी द्वारा क्विज प्रतियोगिता एवं ट्रेजर हंट में प्रतिभाग करने वाले तथा विजेता रहे विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति निरंतर जागरूक रहने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में उप प्रभागीय वन अधिकारी, गाजियाबाद डॉ. सलोनी, क्षेत्रीय वन अधिकारी, गाजियाबाद श्रीमती निमी कुचिया, क्षेत्रीय वन अधिकारी, मोदीनगर अमित सिंह सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
वन विभाग द्वारा वन्यजीव सप्ताह के माध्यम से आमजन एवं विद्यार्थियों को वन्यजीवों के संरक्षण, जैव विविधता की महत्ता तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।



