आर्य समाज मकरेड़ा में सघन वेद प्रचार एवं सम्मान समारोह आयोजित

  • कोमल मावी ने आईएएस बनकर गाजियाबाद का बढ़ाया मान : अजीतपाल त्यागी
  • बेटियां राष्ट्र की धरोहर: कृष्ण मुनि
  • वेद मानव मात्र के सर्वांगीण विकास का मार्ग: कुलदीप आर्य

गाजियाबाद। जिला आर्य प्रतिनिधि सभा एवं आर्य समाज मकरेड़ा के संयुक्त तत्वावधान में सघन वेदप्रचार एवं आईएएस कोमल मावी का सम्मान समारोह पंचायत घर मकरेड़ा में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ धर्माचार्य जयपाल सिंहआर्य ने यज्ञ से किया। मुख्य यजमान आदेश कुमार सपत्नी रहे।
आर्य जगत के प्रसिद्ध भजनोपदेशक कुलदीप आर्य ने भक्ति गान से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करते हुए कहा कि जब से हमने वेदों को पढ़ना और पढ़ाना छोड़ा है तब से ही मानव की दुर्गति हो रही है, वेद ईश्वरीय वाणी है जिस पर चलकर मनुष्य मात्र का सर्वांगीण विकास हो सकता है।
मुख्य अतिथि विधायक अजीतपाल त्यागी ने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में परिश्रम कर रही है जिसका उदाहरण आज हमारे सामने है, कोमल मावी ने आईएएस बनकर अपने माता पिता,समाज और अपने जिले के गौरव को बढ़ाने का कार्य किया है,इन्होंने देश के युवाओ के लिए एक आदर्श प्रस्तुत किया है।
मुख्य वक्ता कृष्ण मुनि ने अतीत के गौरव का स्मरण कराते हुए कहा कि प्राचीन काल की नारियां वेदों की विदुषी हुआ करती थी, शास्त्रार्थ आदि में बहुत निपुण थी,गार्गी, घोष ,लोपमुंद्रा, अपाला, मैत्री आदि आज के तथाकथित गुरु नारियों को गायत्री मंत्र बोलने के लिये मना करते है,इतना अंधविश्वास बढ़ता जा रहा है जिसका निवारण आर्य समाज के द्वारा किया जा सकता है,यदि ऋषि दयानन्द न आते तो,सती प्रथा, बाल विवाह,छुआछूत ,नारी जाति को शिक्षा से वंचित जैसी कुप्रथाओं का सामना करना पड़ता,ये सब ऋषि दयानन्द का प्रभाव कि आज नारी जाति प्रत्येक क्षेत्र में अग्रणी है जिसका उदाहरण कोमल मावी है, बेटियां राष्ट्र की धरोहर है,धन्य है इनके माता पिता और गुरु जिन्होंने अच्छे संस्कार देकर इस काबिल किया है। कोमल मावी ने आईएएस के सफर तक पहुंचने के अपने संस्मरण बताते हुए कहा कि जब लक्ष्य निर्धारित है तो हमें पूर्ण मनोयोग से उस पर ही कार्य करना चाहिए, मोबाइल कोई बुरी चीज नहीं है,ये हमें निर्धारित करना है कि हमें किस मार्ग पर जाना है,समय के सदुपयोग से ही व्यक्ति आगे बढ़ता है,माता पिता को भी अपने बच्चों की सद रुचि के अनुसार जिसमें बच्चे का मन है,चाहे वह खेल है या शिक्षा का कोई क्षेत्र है उसी में सहयोग करना चाहिए तभी बच्चे अपने कार्य क्षेत्र में सफल हो सकते हैं। ब्लॉक प्रमुख राहुल चौधरी उर्फ डैनी, सत्यवीर चौधरी, विजयपाल कसाना आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुरेंद्रपाल चौधरी ने की और मंच का कुशल संचालन ग्राम प्रधान कृष्णदेव आर्य ने किया। सभी विद्वानों एवं अतिथियों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। आर्य समाज मकरेडा के प्रधान सलेक भईया ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। शांति पाठ एवं ऋषि प्रसाद के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर यज्ञपाल शास्त्री,राजसिंह शर्मा, प्रेमचन्द आर्य, जयपाल सिंह कसाना, ओमबीर सिंह,चम्पत,आजाद प्रमुख,अजयपाल प्रमुख, ब्रजपाल सिंह, मनोज प्रधान, प्रवीण प्रधान,नरेश त्यागी, चमन सिंह,राजेंद्र त्यागी, शिवराज,रूपचंद,रविन्द्र खारी,जितेंद्र ,रणबीर प्रधान, सुबोध त्यागी,बीसी बंसल, रूपचंद,महिपाल सिंह,अरुण प्रधान, रतन सिंह, मंगू प्रधान, कर्मवीर सिंह,रणधीर सिंह उमेंद्र आर्य, सतेंद्र आर्य, रामनिवास यादव, दक्ष नागर, दयाराम जाटव एवं सभी आर्य समाजों के पदाधिकारी गण एव क्षेत्र के सम्मानित लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *