गाजियाबाद। समाधान अभियान संस्था द्वारा इंडिया पेस्टिसाइड्स लिमिटेड के सहयोग से संचालित ‘चुप्पी तोड़, अब तो बोल’ परियोजना के अंतर्गत मिशन शक्ति 6.0 प्रारंभ होने के उपलक्ष में बाल मित्र केंद्र, साहिबाबाद थाना में नवरात्रि समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को महिला एवं बाल सुरक्षा, बाल अधिकारों, आत्मविश्वास और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर भारत की पारंपरिक युद्ध कला कलरिपयट्टू के नि:शुल्क प्रशिक्षण के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, शारीरिक दक्षता और आत्मरक्षा के कौशल विकसित करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में समाधान अभियान की संस्थापक अर्चना अग्निहोत्री, मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी प्रिंसी व उनके सहयोगी टीम तथा बाल मित्र केंद्र पूरी टीम मौजूद रहे। समाधान अभियान संस्था का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित, जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाना तथा उनके लिए बाल-अनुकूल वातावरण विकसित करना है।



