मुरादनगर में पूर्व प्रधान के भतीजे की हत्या से सनसनी, कड़ी सुरक्षा में हुआ अंतिम संस्कार

  • 24 घंटे के बाद भी पुलिस के हाथ खाली, नहीं लगा है हत्यारों का सुराग
  • जलालपुर रोड व असालतनगर रोड पर सीसीटीवी खंगाल रही है पुलिस

मुरादनगर। गांव जलालापुर के पूर्व प्रधान सुशाील कुमार के भतीजे हिमांशु उर्फ लवी की हत्या से सनसनी फैल गई। हत्या की वारदात से पुलिस के सुरक्षा व्यवस्था के दावों की भी पोल खुल गई। जिस जगह बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया वह व्यस्त मार्ग है और बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। शुक्रचार की शाम पोस्टमार्टम के बाद आए हिमांशु के शव का पुलिस की सुरक्षा में अंतिम संस्कार किया गया। पीड़ित परिजनों को सांत्वना देने के लिए क्षेत्रीय विधायक अजीतपाल त्यागी भी पहुंचे।
जानकारी के अनुसार जलालपुर निवासी हिमांशु उर्फ लवी पुत्र सुनील कुमार एक निजी कंपनी में कार्य करता था। गुरुवार की रात लगभग साढ़े सात बजे वह ड्यूटी से अपने घर आ रहा था। जलालपुर रोड पर प्राइमरी पाठशाला के पास जैसे ही वह पहुंचा तो बदमाशों ने उस पर धारधार हथियार से हमला कर दिया। घायल अवस्था में हिमांशु किसी तरह घर पहुंचा तो परिजन उसे तुरंत मोदीनगर रोड स्थित निवोक हास्पिटल ले गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मुरादनगर पुलिस हरकत में आ गई और घटनास्थल का निरीक्षण कर हास्पिटल पहुंची हिमांशु से वारदात के बारे में पूछताछ करनी चाही लेकिन हालत नाजुक होने के कारण ज्यादा कुछ पता नहीं कर पाई। शुक्रवार की सुबह हिमांशु ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हिमांशु की मौत की खबर से गांव में सनसनी फैल गई और पुलिस के भी हाथ-पैर फूल गए। एसीपी मसूरी ने घटनास्थल का सुबह आकर दौरा थानाध्यक्ष को वारदात का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए। थानाध्यक्ष ने पुलिस की कई टीमें वारदात के खुलासे के लिए लगा दी हैं। दिनभर पुलिस की टीमें जलालपुर रोड और असालतनगर रोड पर लगे सीसीटीवी खंगालती नजर आई। सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी पूछताछ करते रहे। फिलहाल पुलिस के हाथ अभी खाली हैं लेकिन वारदात के खुलासे के लिए कई अहम सुराग लगने की बात भी बताई जा रही है। पुलिस ने हिमांशु के शव को सुबह पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव में पहुंचा था बहुत गमगीन माहौल हो गया। आसपास के गांवों से काफी लोग हिमांशु के अंतिम संस्कार में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *