- शिक्षक सम्मान बदलाव के सारथी समारोह में विशेष शिक्षकों को किया गया सम्मानित
गाजियाबाद। शिक्षक दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन, गाजियाबाद एवं नीव शक्ति संस्था के संयुक्त सहयोग से विशेष बच्चों की शिक्षा, सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता के लिए समर्पित विशेष शिक्षकों के सम्मान में शिक्षक सम्मान बदलाव के सारथी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष शिक्षकों के समर्पण, धैर्य, संवेदनशीलता एवं उनके द्वारा समावेशी शिक्षा को मजबूत करने में दिए जा रहे महत्वपूर्ण योगदान को सम्मानित करना रहा। यह पहल नीव शक्ति संस्था द्वारा पहली बार शुरू की गई है। संस्था द्वारा घोषणा की गई कि विशेष शिक्षकों के सम्मान की यह पहल प्रत्येक वर्ष शिक्षक दिवस के अवसर पर निरंतर आयोजित की जाएगी, जिससे विशेष बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाले शिक्षकों के योगदान को समाज के समक्ष पहचान एवं सम्मान मिल सके।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कुमार सौरभ , मुख्य विकास अधिकारी, गाजियाबाद की उपस्थिति रही। इस अवसर पर अंशुल चौहान, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, गाजियाबाद तथा ओ.पी. यादव, बेसिक शिक्षा अधिकारी, गाजियाबाद सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

इन विशेष शिक्षकों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में गाजियाबाद के विभिन्न विशेष विद्यालयों एवं संस्थानों से चयनित विशेष शिक्षकों को ह्लशिक्षक सम्मानझ्रबदलाव के सारथी प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित शिक्षकों में आशीष कुमार मौर्य—भागीरथ स्पेशल स्कूल, सुश्री रिंसे टी.जे.— आनंद ट्रेनिंग सेंटर, रामदास पाल — विजय स्पेशल स्कूल, डॉ. शिवानी निरवाल— सृष्टि इंस्टीट्यूट, सुश्री नीता नेवटो—अथरक प्रयास संस्था, हरि ओम— देव भागीरथी लर्निंग सेंटर, डॉ. विकास प्रसाद साह—इंस्टीट्यूट आॅफ रिहैबिलिटेशन, शेखर यादव—अद्वैत परिवार, मोहिनी बी. सैम्पसन—आशा विद्यालया, दिव्या दुबे, मणि,राम पाठक,लाल भवन—विशेष शिक्षक, क्षेत्र गाजियाबाद, राजीव—विशेष शिक्षक, बौद्धिक अक्षमता, गजानंद मेहरा—विशेष शिक्षक, बौद्धिक अक्षमता, शिखा गुप्ता— विशेष शिक्षक रहे। इन सभी शिक्षकों ने अपने ज्ञान, धैर्य, संवेदनशीलता एवं निरंतर प्रयासों से विशेष बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने तथा उन्हें शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक जीवन की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कार्यक्रम में नीव शक्ति संस्था की ओर से चित्रा चौहान, प्रधानाचार्य, देव भागीरथी लर्निंग सेंटर, अमित, आयुष एवं सुश्री सुनीता सहित संस्था की टीम के सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही।
नीव शक्ति संस्था की संस्थापक श्रीमती रिचा बल्लभ खुलबे ने कहा कि विशेष शिक्षक केवल शिक्षा नहीं देते, बल्कि वे बच्चों के आत्मविश्वास और सपनों को दिशा देते हैं। यह सम्मान उनके समर्पण के प्रति हमारी कृतज्ञता का प्रतीक है। हमारा प्रयास है कि यह पहल प्रत्येक वर्ष आगे बढ़े और अधिक से अधिक विशेष शिक्षकों को सम्मान मिले। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि विशेष बच्चों के जीवन में शिक्षा, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का मार्ग प्रशस्त करने वाला प्रत्येक शिक्षक वास्तव में बदलाव का सारथी है। नीव शक्ति संस्था द्वारा भविष्य में भी जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के सहयोग से दिव्यांगजन सशक्तिकरण, समावेशी शिक्षा तथा विशेष बच्चों के अधिकारों के लिए निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।



