आई.टी.एस. में नवकृति-डांडिया एवं बेस्ट सेलर शोडाउन का शानदार आयोजन

गाजियाबाद। आई.टी.एस. मोहन नगर, के यू.जी. कैंपस में नवरात्र के शुभ अवसर पर नवकृति-डांडिया एवं बेस्ट सेलर शोडाउन का भव्य आयोजन किया गया। इस सांस्कृतिक महोत्सव में छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक भारतीय परिधानों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के रंगों से सजे इस उत्सव को यादगार बनाया।
आई.टी.एस. ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस के वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा ने अपने सन्देश में सभी छात्र-छात्राओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक ज्ञान प्रदान करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता, सहयोग की भावना और सांस्कृतिक मूल्यों का विकास करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रत्येक गतिविधि में उत्साहपूर्वक भाग लेने, अपनी प्रतिभा को निखारने तथा अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करने के लिए प्रेरित किया।
आई.टी.एस. यू.जी. कैंपस, गाजियाबाद की प्रिंसिपल डॉ. नैंसी शर्मा ने भी सभी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि नवकृति जैसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को निखारने का उत्कृष्ट मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति एवं परंपराएँ हमारी पहचान हैं और ऐसे उत्सव युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आगे कहा कि आई.टी.एस. में विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सहभागिता पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। डॉ. शर्मा ने विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर अपनी प्रतिभा विकसित करने, नए अवसरों का लाभ उठाने तथा जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया।
महोत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने गुजराती लोकनृत्य एवं डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने तथा रचनात्मकता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना था।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों ने विभिन्न आकर्षक स्टॉल लगाए, जिनमें हस्तनिर्मित वस्तुओं एवं खान-पान से संबंधित उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। इसके अतिरिक्त, सेल्फी कॉर्नर भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा, जहाँ विद्यार्थियों ने पारंपरिक परिधानों में तस्वीरें लेकर उत्सव की यादों को संजोया।
विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के लिए बेस्ट सेलर शोडाउन, बेस्ट कॉस्ट्यूम मेल एवं बेस्ट कॉस्ट्यूम फीमेल जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बीबीए पाठ्यक्रम में प्रथम वर्ष के आर्यवीर चौधरी ने बेस्ट कॉस्ट्यूम मेल तथा द्वितीय वर्ष की राशि ने बेस्ट कॉस्ट्यूम फीमेल का खिताब जीता। बीसीए पाठ्यक्रम में द्वितीय वर्ष के आर्यन चौहान को बेस्ट कॉस्ट्यूम मेल तथा प्रथम वर्ष की अंशिका गौड़ को बेस्ट कॉस्ट्यूम फीमेल के खिताब से सम्मानित किया गया। वहीं, बेस्ट सेलर प्रतियोगिता में बीबीए तृतीय वर्ष की दिशा, हर्षित, किशन, शिखा एवं कनिष्का विजेता रहे, जबकि बीबीए प्रथम वर्ष की शाइना एवं कशिश ने रनर-अप का स्थान प्राप्त किया।
आई.टी.एस. मोहन नगर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक आयोजनों को भी निरंतर प्रोत्साहित करता है। ह्यनवकृतिह्ण का यह आयोजन विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आपसी सहयोग, सांस्कृतिक सहभागिता और सामूहिक उत्साह को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *