- बच्चों की आंखों में छलके विदाई के आंसू
मोदीनगर। गोविंदपुरी स्थित निष्काम भवन में एहसास महिला समिति द्वारा आयोजित 17 दिवसीय समर कैंप का भव्य एवं भावनात्मक समापन समारोह संपन्न हुआ। लगभग तीन सप्ताह तक चले इस विशेष समर कैंप में बच्चों को शिक्षा, संस्कार, व्यक्तित्व विकास, कला, संस्कृति एवं विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सीखने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया गया। समापन समारोह में मोदीनगर क्षेत्र की विधायक डॉ. मंजू शिवाच एवं निष्काम सेवक जत्था समिति के मुख्य संरक्षक चानन लाल ढींगरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों के कर-कमलों द्वारा समर कैंप का विधिवत समापन किया गया। इस अवसर पर विधायक डॉ. मंजू शिवाच ने एहसास महिला समिति के इस अभिनव प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह अपने आप में एक अनूठी एवं प्रेरणादायक पहल है। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों के बच्चों को एक मंच पर लाकर उन्हें शिक्षा, संस्कार एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने का कार्य अत्यंत सराहनीय है तथा इस प्रकार का आयोजन केवल एहसास महिला समिति जैसी समर्पित संस्था ही कर सकती है। निष्काम सेवक जत्था समिति के मुख्य संरक्षक चानन लाल ढींगरा ने अपने संबोधन में कहा कि एहसास महिला समिति, निष्काम परिवार का एक अभिन्न अंग है और समाज सेवा के ऐसे प्रत्येक कार्य में निष्काम सेवक जत्था समिति एवं निष्काम क्लब की पूरी टीम सदैव उनके साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने समिति के सभी पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों को इस सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। समापन समारोह के दौरान समर कैंप में प्रतिभाग करने वाले सभी बच्चों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं कैंप को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली सभी अध्यापिकाओं एवं प्रशिक्षकों को स्मृति-चिह्न भेंट कर उनका सम्मान एवं आभार व्यक्त किया गया। बच्चों के लिए निष्काम भवन में विशेष रूप से गोलगप्पा पार्टी तथा भालू बीयर लुत्फ का आयोजन किया गया, जिसमें सभी बच्चों ने भरपूर आनंद लिया। समापन के अवसर पर बच्चों का उत्साह देखने योग्य था। वहीं तीन सप्ताह तक साथ बिताए गए यादगार पलों की विदाई ने वातावरण को भावुक भी बना दिया। कई बच्चों की आंखों में विदाई के आंसू छलक उठे और पूरा परिसर आत्मीयता एवं अपनत्व के भाव से सराबोर हो गया। यह दृश्य उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर गया। एहसास महिला समिति की संस्थापक अनुप्रीत कौर ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, प्रशिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस समर कैंप को मिले अपार प्रेम और समर्थन ने समिति को और अधिक उत्साह प्रदान किया है। उन्होंने बताया कि तीन सप्ताह तक चले इस समर कैंप को समाज के सभी वर्गों का अभूतपूर्व सहयोग एवं स्नेह प्राप्त हुआ। कैंप के दौरान जनप्रतिनिधियों, पुलिस प्रशासन से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों, राजनीतिक क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों, व्यापारिक जगत के प्रतिनिधियों, चिकित्सकों, शिक्षा जगत से जुड़े विशेषज्ञों तथा नगर के अनेक प्रतिष्ठित नागरिकों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। एहसास समिति की मोदीनगर ईकाई की अध्यक्ष गुरमीत गुप्ता ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग का इस प्रकार एक मंच पर आकर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सहयोग देना एहसास महिला समिति के लिए अत्यंत गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में इस कार्यक्रम को और अधिक व्यापक, भव्य एवं प्रभावशाली स्वरूप में आयोजित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को शिक्षा, संस्कार, रचनात्मकता एवं व्यक्तित्व विकास के अवसर प्राप्त हो सकें। समापन समारोह के अवसर पर एहसास महिला समिति की ओर से निष्काम सेवक जत्था समिति की पूरी टीम के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया गया। समिति ने तीन सप्ताह तक समर कैंप के सफल संचालन हेतु निष्काम भवन उपलब्ध कराने तथा आयोजन के प्रत्येक चरण में कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग करने के लिए निष्काम सेवक जत्था समिति को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर एहसास महिला समिति की ओर से अनुप्रीत कौर एवं उनकी पूरी टीम ने निष्काम सेवक जत्था समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि उनके सहयोग, मार्गदर्शन एवं समर्पण के बिना इस भव्य आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न करना संभव नहीं था। समापन समारोह में निष्काम सेवक जत्था समिति की पूरी टीम उत्साहपूर्वक उपस्थित रही और बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कार्यक्रम को यादगार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में निष्काम सेवक जत्था समिति के संरक्षक दिलीप शर्मा, संरक्षक धीरज कालरा, अध्यक्ष जसमीत सिंह सहित एहसास महिला समिति के अनेक पदाधिकारी, सदस्य, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

