आई.टी.एस. कॉलेज में इंटीग्रेटेड क्लीनिकल लर्निंग सेंटर एवं सेंटर फॉर इंटीग्रेटेड डिजिटल डेंटिस्ट्री की स्थापना

गाजियाबाद। आई.टी.एस. डेंटल कॉलेज, मुरादनगर, द्वारा अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड क्लीनिकल लर्निंग सेंटर एवं सेंटर फॉर इंटीग्रेटेड डिजिटल डेंटिस्ट्री का शुभारम्भ किया गया। यह पहल उन्नत क्लीनिकल प्रशिक्षण, आधुनिक डिजिटल तकनीकों तथा उत्कृष्ट रोगी सेवाओं के माध्यम से दंत शिक्षा को नई दिशा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं दूरदर्शी कदम है। यह पहल उत्तर भारत के दंत चिकित्सा महाविद्यालयों में अपनी प्रकार की एक विशिष्ट एवं अनोखी पहल है, जो संस्थान की नवाचार प्रणाली, शैक्षणिक उत्कृष्टता तथा भविष्य उन्मुख दंत शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करती है।
इन दोनों सेंटर का उद्घाटन आई.टी.एस. – द एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन, डॉ. आर.पी. चड्ढा तथा वाईस चेयरमैन अर्पित चड्ढा द्वारा विधिवत रूप से किया गया। इस अवसर पर संस्थान के डायरेक्टर-प्रिंसिपल, डॉ. देवी चरण शेट्टी, डीन्स, विभिन्न विभागों के एच.ओ.डी., दंत चिकित्सक एवं इंटर्न्स उपस्थित रहे। सभी ने इस नवीन पहल की सराहना करते हुए इसे दंत शिक्षा एवं रोगी सेवा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। इंटीग्रेटेड क्लीनिकल लर्निंग सेंटर विशेष रूप से बी.डी.एस. इंटर्न्स के लिए स्थापित किया गया है। इसका उद्देश्य रोगी उपचार, क्लीनिकल कौशल विकास तथा व्यावसायिक प्रशिक्षण को एकीकृत मंच पर उपलब्ध कराना है। यह सेंटर इंटर्न्स को विशेषज्ञ पर्यवेक्षण में व्यापक क्लीनिकल अनुभव प्रदान करेगा तथा रोगियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समग्र दंत चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायक होगा। दंत शिक्षा के आधुनिकीकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए संस्थान ने सेंटर फॉर इंटीग्रेटेड डिजिटल डेंटिस्ट्री की स्थापना की है, जिसका उद्देश्य बी.डी.एस. इंटर्न्स एवं एम.डी.एस. विद्यार्थियों को आधुनिक डिजिटल कार्यप्रणालियों तथा उन्नत दंत तकनीकों का प्रशिक्षण प्रदान करना है। यह सेंटर पारंपरिक दंत चिकित्सा एवं उभरती डिजिटल तकनीकों के मध्य सेतु का कार्य करेगा तथा विद्यार्थियों को नवीनतम डिजिटल उपकरणों, डिजिटल अनुप्रयोगों एवं उन्नत उपचार नियोजन तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करेगा। नवाचार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करते हुए संस्थान प्रशिक्षण प्रक्रिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस – ए.आई. आधारित उपकरणों एवं अनुप्रयोगों को भी सम्मिलित करेगा। ये तकनीक क्लीनिकल शिक्षण, रोगी शिक्षा, निदान सहायता एवं डिजिटल कार्यप्रवाह प्रबंधन को सशक्त बनाएंगी तथा विद्यार्थियों को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष एवं तकनीकी रूप से सक्षम दंत चिकित्सक बनने में सहायता प्रदान करेंगी।
इस अवसर पर आई.टी.एस.- द एजुकेशन ग्रुप के वाईस चेयरमैन अर्पित चड्ढा ने स्वास्थ्य शिक्षा में आधुनिक तकनीकों के समावेश के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संस्थान द्वारा विकसित यह अत्याधुनिक शिक्षण परिवेश विद्यार्थियों को दंत चिकित्सा के तीव्र गति से विकसित हो रहे वैश्विक परिदृश्य की चुनौतियों एवं अवसरों के लिए तैयार करेगा। अंत में उपस्थित सभी ने इन अत्याधुनिक सेंटरों की स्थापना के हेतु आई.टी.एस. – द एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन, डॉ. आर.पी. चड्ढा तथा वाईस चेयरमैन अर्पित चड्ढा के दूरदर्शी नेतृत्व एवं सतत मार्गदर्शन के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *