- सदगुरु श्री श्री आनन्दमूर्ति के 105वें जन्मोत्सव श्रद्धा एवं उत्साह के साथ सम्पन्न



नोएडा। सदगुरु श्री श्री आनन्दमूर्ति के 105वें जन्मोत्सव के अवसर पर आनन्द मार्ग प्रचारक संघ द्वारा दिल्ली-एनसीआर में ही नहीं बल्कि विश्व के 188 देशों में इस दिव्य पर्व को अत्यंत भक्ति, उल्लास और सेवा भावना के साथ मनाया गया। यह आयोजन केवल एक आध्यात्मिक उत्सव ही नहीं, बल्कि मानवता, करुणा और निस्वार्थ सेवा का वैश्विक संदेश बनकर उभरा।
इस अवसर पर विश्वभर में बाबा नाम केवलम अखंड कीर्तन, सामूहिक साधना एवं नारायण सेवा के व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए गए। हजारों जरूरतमंद लोगों के बीच भोजन, वस्त्र एवं मिष्ठान का वितरण कर ह्लमानवता की सेवा ही ईश्वर सेवा है के आदर्श को साकार किया गया। आनन्द मार्ग प्रचारक संघ, नोएडा के प्रवक्ता प्रवीर कुमार ने बताया कि संस्था आत्म मोक्षार्थम जगत हिताय के महान सिद्धांत पर आधारित वैश्विक सामाजिक-आध्यात्मिक संस्था है, जो न केवल आध्यात्मिक उन्नति, बल्कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित है। संस्था विश्वभर में प्राकृतिक आपदाओं—जैसे भूकंप, बाढ़, सूखा—तथा स्वास्थ्य संकटों के समय निरंतर राहत एवं सेवा कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाती रही है। इसके साथ ही, नि:शुल्क शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएँ, अनाथालय, शिशु सदन एवं नैतिक शिक्षा के माध्यम से समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान हेतु सतत कार्यरत है। आनन्द मार्ग प्रचारक संघ की नोएडा इकाई द्वारा सेक्टर-150 स्थित पायस हाइडअवेज, एटीएस होमक्राफ्ट परिसर में कीर्तन, सामूहिक ईश्वर प्रणिधान, स्वाध्याय एवं प्रसाद वितरण का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय निवासियों ने भाग लिया। इस अवसर पर संस्था द्वारा संचालित सेक्टर 150, नोएडा में आनन्द मार्ग पीपुल्स डे स्कूल के 100 से अधिक वंचित बच्चों को, जिन्हें नि:शुल्क शिक्षा एवं आवश्यक शैक्षणिक सामग्री प्रदान की जाती है, को चॉकलेट, चिप्स, बिस्किट एवं फल वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त, आयोजित नारायण सेवा के अंतर्गत लगभग 400 से अधिक जरूरतमंद लोगों को प्रेमपूर्वक पूड़ी, सब्जी, चावल एवं हलवा परोसा गया। साथ ही, मजदूर बस्तियों एवं आसपास के क्षेत्रों के 90 अति जरूरतमंद परिवारों को मच्छरदानियों का वितरण कर उनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। इस महान सेवा अभियान में प्रवीर कुमार, हितेश, अरुणेंद्र, उदय शिवेंद्र, तुषार, मंत्रेश, यशोदा, सरिता, पारुल, रंजना, चारू सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय एवं समर्पित सहभागिता निभाई। यह आयोजन न केवल आध्यात्मिक चेतना का उत्सव रहा, बल्कि यह संदेश भी देता है कि सच्ची भक्ति मानव सेवा में निहित है। सदगुरु के आदर्शों पर चलते हुए, आनन्द मार्ग प्रचारक संघ नोएडा, निरंतर समाज में प्रेम, सेवा और नैतिकता के मूल्यों को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है।

