- ‘रन फॉर यूनिटी’, साइकिल रैली और एकता शपथ का हुआ आयोजन
गाजियाबाद। 8वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) द्वारा देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ अत्यंत गरिमा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर वाहिनी मुख्यालय में राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने के लिए ‘रन फॉर यूनिटी’ दौड़ , साइकिल रैली और ‘राष्ट्रीय एकता दिवस शपथ’ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें वाहिनी के सभी अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम की शुरूआत सामूहिक राष्ट्रीय एकता दिवस शपथ के साथ हुई, जहाँ सभी कार्मिकों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करने और अपने देशवासियों के बीच इस संदेश को फैलाने का संकल्प लिया। इसके उपरांत, सभी अधिकारियों और बल के जवानों ने ‘रन फॉर यूनिटी’ दौड़ व साइकिल रैली में हिस्सा लेकर देश की एकजुटता का संदेश दिया।
इस गरिमामयी अवसर पर वाहिनी के सेनानी (कमांडेंट) सुदेश कुमार ने सभी कार्मिकों को संबोधित किया। अपने प्रेरणादायक भाषण में सेनानी सुदेश कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय एकता और अखंडता हमारे देश की सबसे बड़ी ताकत है। सरदार वल्लभभाई पटेल ने जिस एकीकृत भारत का सपना देखा था, उसे अक्षुण्ण रखना हम सभी का परम कर्तव्य है। एनडीआरएफ न केवल आपदाओं के समय देशवासियों की जान माल की रक्षा करती है, बल्कि संकट के हर क्षण में पूरे देश को एक सूत्र में पिरोने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का कार्य भी करती है। आज के दिन लिया गया यह संकल्प हमारे रोजमर्रा के कार्यों और देश सेवा की भावना में झलकना चाहिए। हमें पूरी निष्ठा के साथ देश की आंतरिक सुरक्षा, एकता और सद्भाव को बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहना होगा।”
कार्यक्रम के अंत में सेनानी महोदय ने सभी उपस्थित अधिकारियों और जवानों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं दीं और देश सेवा के प्रति उनके समर्पण की सराहना की। इस आयोजन ने वाहिनी के सभी कर्मियों में राष्ट्रवाद और एकजुटता की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।




