गाजियाबाद। जिला कृषि अधिकारी अमित कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद गाजियाबाद में कृषि विभाग द्वारा खरीफ वर्ष 2026 मे बुआई हेतु जनपद के समस्त राजकीय कृषि बीज भण्डारों (रजापुर, लोनी, मुरादनगर, भोजपुर) द्वारा धान बीज, अरहर बीज, हरी खाद हेतु ऊँचा बीज एवं मूंग, कोदो, ज्वार, बाजरा, अरहर, सावा, रागी मिनिकिट नि:शुल्क वितरित किया जायेगा। जिसके लिये कृषकों को बीज प्राप्त करने के लिये कृषि विभाग की वेबसाइट agridarshan.up.gov.in पर जाकर आॅनलाईन बुकिंग करनी होगी। इसके बाद ई-लाटरी के माध्यम से जनपद के कृषकों को धान बीज, अरहर बीज, हरी खाद हेतु कैंचा बीज 50 प्रतिशत अनुदान पर तथा मिनिकिट नि:शुल्क वितरण किया जायेगा। ई-लाटरी के माध्यम से चयनित कृषक विकास खण्ड स्तर पर राजकीय कृषि बीज भण्डार से बायोमेट्रिक मशीन (पॉस मशीन) में अपना अंगूठा लगाकर बीज प्राप्त कर सकते है। बुकिंग करने हेतु किसान भाई विकास खण्ड पर स्थित राजकीय कृषि बीज भण्डार पर या कृषि विभाग के अधिकारी / क्षेत्रीय कर्मचारी से सीधे सम्पर्क कर सकते है। जिसके लिये किसानों को बीज उपलब्ध कराने की कवायद तेज कर दी गई है तथा क्षेत्रीय कर्मचारियों द्वारा भी इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। जनपद में खरीफ की फसलों में मुख्य रूप से धान, ज्वार, मक्का, मूंग व उर्द की बुवाई की जाती है।

