- लेबर चौक पर श्रमिकों को बांटे गमछे, ओआरएस के पैकेट व जलजीरा
- दोपहर 12 से 4 बजे तक निर्माण स्थलों पर श्रमिक ना करें कार्य
गाजियाबाद। श्रमविभाग की योजनाओं से जागरूक करने के लिए रेडक्रास सोसायटी के सहयोग से श्रम विभाग द्वारा विशेष अभियान निर्माण कार्यस्थलों और लेबर अड्डों पर चलाया गया। इसी क्रम में अनुराग मिश्रा उपश्रमायुक्त द्वारा ,श्रमप्रवर्तन अधिकारी विनोद शर्मा और जितेंद्र कुमार के साथ गुरुवार सुबह नासिरपुर फाटक लेबर अड्डे पर रेडक्रास सोसाइटी के सहयोग से श्रमिको को गमछा, ओआरएस का पैकेट, जलजीरा वितरण किया गया साथ ही हीटवेव व श्रमविभाग की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। निर्माण श्रमिक किसी भी जनसेवा केंद्र से पंजीकरण करा सकते हैं। इन योजनाओं का लाभ श्रमिकों को बच्चों के जन्म, उनकी पढ़ाई, बेटियों की शादी से लेकर आपदा राहत, गंभीर बीमारी व मृत्यु तक की स्थितियों के लिए दिया जाता है। वर्ष 2025-26 में 11000 से अधिक श्रमिकों को गाजियाबाद जिले में यह लाभ दिए गए, जिन्होंने अपना पंजीकरण करा रखा था। रेडक्रास सोसाइटी से सुभाष गुप्ता, सुषमा गुप्ता, धवल गुप्ता, राकेश चतुर्वेदी, राकेश गुप्ता, प्रीतम लाल आदि उपस्थित रहे। मंडलायुक्त भानुचंद गोस्वामी व जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मादड़ के निर्देश के क्रम में सभी निर्माण कार्यस्थलों पर श्रमिकों से दोपहर 12 से 4 बजे तक कार्य कराने पर रोक लगाई गई है, साथ में उन्हें हीटवेव से बचने के उपाए बताए गए।

