“व्यापक आपदा प्रबंधन” पाठ्यक्रम के अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों का 8वीं वाहिनी एनडीआरएफ में भ्रमण

गाजियाबाद। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन संस्थान (NIDM) द्वारा भारतीय तकनीकी एवं आर्थिक सहयोग (ITEC) कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित “व्यापक आपदा प्रबंधन (Comprehensive Disaster Management)” पाठ्यक्रम के 30 अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों ने 8वीं बटालियन राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), गाजियाबाद का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान प्रतिभागियों को एनडीआरएफ की संगठनात्मक संरचना, भूमिका, क्षमताओं एवं विभिन्न प्रकार की आपदाओं में किए जाने वाले खोज एवं बचाव कार्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही, उन्हें आपदा प्रतिक्रिया में प्रयुक्त आधुनिक उपकरणों, तकनीकों एवं मानक कार्यप्रणालियों का प्रदर्शन भी कराया गया। इस अवसर पर सुदेश कुमार , सेनानी, 8वीं वाहिनी एनडीआरएफ ने प्रतिभागियों को एनडीआरएफ की भूमिका एवं क्षमताओं पर एक विस्तृत एवं ज्ञानवर्धक प्रस्तुति दी। प्रस्तुति के दौरान उन्होंने एनडीआरएफ द्वारा देश एवं विदेश में संचालित प्रमुख राहत एवं बचाव अभियानों, आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में अपनाई जाने वाली सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों तथा क्षमता निर्माण संबंधी पहलों की जानकारी साझा की। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों के साथ एक संवादात्मक सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें सुदेश कुमार ने प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया तथा अपने व्यावहारिक एवं परिचालन अनुभव साझा किए। प्रतिभागियों ने एनडीआरएफ की पेशेवर दक्षता, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता एवं आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में उसके योगदान की सराहना की। यह भ्रमण आपदा जोखिम न्यूनीकरण, आपदा तैयारी एवं प्रभावी आपदा प्रतिक्रिया के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग, ज्ञान साझाकरण एवं क्षमता निर्माण को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *