“भारत का युवा ही कल के भारत का निर्माता है”

काईट के फ्रेशमैन इंडक्शन प्रोग्राम-2026 में तेजस्वी सूर्या ने विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण और नवाचार के लिए किया प्रेरित।

गाज़ियाबाद: काईट मानद विश्वविद्यालय के 21 दिवसीय फ्रेशमैन इंडक्शन प्रोग्राम -2026 के तहत गुरुवार को आयोजित काईट नॉलेज सीरीज़ में बेंगलुरु दक्षिण से सांसद एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “भारत का युवा ही कल के भारत का निर्माता है।” उन्होंने छात्रों से ज्ञान, तकनीकी कौशल, नेतृत्व क्षमता और नवाचार की सोच विकसित करने का आह्वान किया, ताकि वे विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सकें।
इस अवसर पर कर्नाटक से सांसद कैप्टन बृजेश चौटा तथा गाज़ियाबाद के सांसद एवं काईट मानद विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री अतुल गर्ग भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नागराज रामराव एवं प्रो-कुलपति डॉ. मनोज गोयल ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
अपने संबोधन में तेजस्वी सूर्या ने कहा कि, “आज के युवाओं को केवल डिग्री प्राप्त करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि आजीवन सीखने की प्रवृत्ति, तार्किक सोच, उद्यमिता और सामाजिक उत्तरदायित्व को भी अपनाना चाहिए।” उन्होंने कहा कि बदलती तकनीक के इस दौर में वही युवा आगे बढ़ेगा, जो निरंतर स्वयं को नई तकनीकों और कौशलों के अनुरूप विकसित करेगा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न समसामयिक राष्ट्रीय विषयों पर श्री सूर्या से संवाद किया। परीक्षा में पेपर लीक और नीट परीक्षा से जुड़े प्रश्नों के उत्तर में उन्होंने कहा कि सरकार इन चुनौतियों के स्थायी समाधान के लिए व्यापक और दीर्घकालिक सुधारों पर कार्य कर रही है। उन्होंने संसद में प्रस्तुत परिसीमन विधेयक-2026, महानगरों के विकास तथा संतुलित क्षेत्रीय विकास जैसे विषयों पर भी अपने विचार साझा किए।
भारत की तकनीकी उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए सूर्या ने स्काईरूट एयरोस्पेस जैसी भारतीय निजी अंतरिक्ष कंपनी की सफलताओं को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि “भारत का निजी अंतरिक्ष क्षेत्र वैश्विक स्तर पर तेजी से अपनी पहचान बना रहा है और युवाओं के लिए अनुसंधान, डीप टेक्नोलॉजी, स्टार्टअप तथा नवाचार के क्षेत्र में असीम संभावनाएँ मौजूद हैं।” उन्होंने विद्यार्थियों से कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), ऑटोमेशन और अन्य उभरती तकनीकों को अपनाने तथा बहु-विषयक कौशल विकसित करने का आह्वान किया।
इंटरैक्टिव सत्र में सांसद कैप्टन बृजेश चौटा ने भी विद्यार्थियों के प्रश्नों के उत्तर दिए। उन्होंने नेतृत्व, जनसेवा, जिम्मेदार नागरिकता और लोकतांत्रिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को अनुशासन, ईमानदारी और सेवा-भाव के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर सांसद एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति अतुल गर्ग ने विद्यार्थियों को सूचना एवं प्रौद्योगिकी के तेजी से बदलते दौर में सदैव जागरूक और जिज्ञासु बने रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि “निरंतर सीखना ही सफलता की कुंजी है और विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों तथा नवाचार के अवसरों का पूरा लाभ उठाना चाहिए।” उन्होंने विश्वविद्यालय में नवाचार, शोध और उद्यमिता से जुड़े प्रत्येक प्रयास को अपना पूर्ण सहयोग देने का भी आश्वासन दिया।
इंडक्शन कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए संचार एवं साहित्यिक कौशल, AI प्रोडक्टिविटी बूटकैंप, सी प्रोग्रामिंग, इंजीनियरिंग गणित एवं भौतिकी, आर्डुइनो एवं सेंसर इंटरफेसिंग, पीसीबी फैब्रिकेशन, भारतीय विरासत एवं संस्कृति, रचनात्मकता तथा खेल गतिविधियों जैसे विभिन्न व्यावहारिक एवं कौशल आधारित सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि 21 दिवसीय फ्रेशमैन इंडक्शन प्रोग्राम-2026 के माध्यम से काईट मानद विश्वविद्यालय नवप्रवेशी विद्यार्थियों को तकनीकी दक्षता, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और नवाचार की भावना से परिपूर्ण भविष्य के पेशेवरों के रूप में तैयार कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *