हरनंदीपुरम के भू-उपयोग परिवर्तन से संबंधित प्रकरण की जीडीए वीसी ने की समीक्षा

  • समिति को अगस्त माह की बोर्ड बैठक से पूर्व प्रस्ताव प्रस्तुत करने के दिए निर्देश

गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल (आईएएस) द्वारा मंगलवार को हरनंदीपुरम योजना के भू-उपयोग परिवर्तन हेतु गठित समिति के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के अध्यक्ष सचिव, अपर सचिव, विशेष कार्याधिकारी (प्रथम), प्रभारी मुख्य अभियंता, प्रभारी मुख्य नगर नियोजक, नगर नियोजक, सहायक अभियंता (मास्टर प्लान जोन-1), तहसीलदार (जीडीए) तथा सहायक नगर नियोजक सहित संबंधित अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में हरनंदीपुरम योजना के प्रथम चरण के भू-उपयोग परिवर्तन एवं लेआउट अनुमोदन से संबंधित प्रकरण पर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जीडीए उपाध्यक्ष नंदकिशोर कलाल ने समिति को निर्देशित किया कि हरनंदीपुरम योजना के प्रथम चरण के भू-उपयोग परिवर्तन तथा प्रथम चरण के लेआउट से संबंधित समस्त परीक्षण, अभिलेखों का परीक्षण एवं आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर तत्काल पूर्ण की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि समिति अपना अंतिम स्पष्ट अभिमत निर्धारित समय में उपलब्ध कराते हुए प्रकरण को आगामी अगस्त माह में प्रस्तावित गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की बोर्ड बैठक से पूर्व अंतिम रूप दे। जीडीए वीसी ने उपाध्यक्ष महोदय ने कहा कि समिति की संस्तुति प्राप्त होने के उपरांत उक्त भू-उपयोग परिवर्तन एवं प्रथम चरण के लेआउट अनुमोदन का प्रस्ताव आगामी बोर्ड बैठक में अनुमोदन हेतु प्रस्तुत किया जाएगा तथा बोर्ड से स्वीकृति प्राप्त कर योजना के विकास कार्यों को शीघ्र गति प्रदान की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस महत्वपूर्ण परियोजना से संबंधित सभी औपचारिकताएं समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएं ताकि हरनंदीपुरम योजना के प्रथम चरण का विकास निर्धारित समयसीमा में प्रारंभ हो सके तथा आमजन को शीघ्र आवासीय सुविधाओं का लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *