आई.टी.एस डेन्टल कॉलेज में मनाया गया विश्व स्तनपान सप्ताह

गाजियाबाद। आईटीएस डेंटल कॉलेज, गाजियाबाद के पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री विभाग द्वारा 1 से 7 अगस्त, 2026 तक विश्व स्तनपान सप्ताह मनाया गया, जिसका विषय जीवन की सतत और स्वस्थ शुरूआत के लिए स्तनपान: जो प्रभावी है, उसे और सशक्त बनाएं था। इस थीम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर माँ को स्तनपान कराने के लिए आवश्यक जानकारी और सहयोग उपलब्ध हो, जिससे वह जितनी देर तक चाहे अपने बच्चे को स्तनपान करवा सके। यह सप्ताह माताओं के महत्व के प्रति जागरूक करने के लिए मनाया जाता है, जो माँ और बच्चे दोनों के स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है। यह कार्यक्रम आई.टी.एस. – द एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन, डॉ. आर.पी. चड्ढा तथा वाईस चेयरमैन अर्पित चड्ढा के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार शिशु के जन्म के एक घंटे के भीतर स्तनपान शुरू कर देना चाहिए और 6 माह तक केवल स्तनपान कराया जाना चाहिए। इसके बाद पौष्टिक पूरक आहार के साथ-साथ दो वर्ष या उससे अधिक समय तक स्तनपान जारी रखना चाहिए। इस अवसर पर संस्थान द्वारा विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें गर्भवती महिलाओं और महिलाओं को स्वास्थ्य शिक्षा एवं स्तनपान के महत्व पर एक इंटरैक्टिव सत्र आयोजित किया गया।
इस अवसर पर संस्थान की डेन्टल ओ.पी.डी में आने वाले मरीजों और विभिन्न शिविर स्थल विवेकानंद नगर और राजनगर एक्सटेंशन में लोगों को स्तनपान के महत्व की जानकारी देने के लिए पंपलेट वितरित किये गये। साथ ही संस्थान के बी.डी.एस एवं एम.डी.एस. पाठ्यक्रम की छात्राओं एवं महिला फैकल्टी ने भी इस अभियान में भाग लिया और माँ और बच्चे के स्वास्थ्य के लिए स्तनपान के महत्व को समाज में फैलाया।
इसके अतिरिक्त, एक सोशल मीडिया अभियान भी चलाया गया, जिससे स्तनपान के महत्व को जन-जन तक पहुंचाया जा सकें। इस सफल कार्यक्रम के आयोजन के लिये सभी प्रतिभागियों ने आई.टी.एस – द एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन, डॉ आर पी चड्ढा तथा वाईस चेयरमैन अर्पित चड्ढा को धन्यवाद दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *