- हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा मेरठ रोड
- जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने शिवभक्तों का अभिनंदन कर लिया आशीर्वाद



गाजियाबाद। सावन मास में भगवान शिव के प्रति श्रद्धा, आस्था, समर्पण एवं सेवा की भावना को अभिव्यक्त करते हुए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा कांवड़ यात्रा पर आने वाले शिवभक्तों के स्वागत एवं अभिनंदन के लिए मेरठ रोड, मननधाम के सामने भव्य पुष्पवर्षा एवं स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मेरठ रोड से गुजर रहे हजारों कांवड़ श्रद्धालुओं पर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। पूरा कार्यक्रम धार्मिक आस्था, उत्साह एवं सेवा भावना से ओत-प्रोत रहा। जैसे-जैसे कांवड़िए कार्यक्रम स्थल से गुजरते रहे, पूरा वातावरण हर-हर महादेव, बम-बम भोले के जयघोष से गूंजता रहा।
इस अवसर पर मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी, सदर विधायक संजीव शर्मा, पुलिस आयुक्त रविंद्र जे. गौड़, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल, मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, रीजनल पासपोर्ट आॅफिसर अनुज स्वरूप, अपर नगर आयुक्त सहित जनपद के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के सचिव विवेक कुमार मिश्रा, विशेष कार्याधिकारीराजीव रतन सिंह, प्रभारी मुख्य अभियंता आलोक रंजन सहित समस्त अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम स्थल से गुजरने वाले कांवड़ श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा के माध्यम से आत्मीय स्वागत किया गया। कांवड़ यात्रा में परिवार के साथ यात्रा कर रहे छोटे बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग, युवा शिवभक्त, डाक कांवड़ के श्रद्धालु तथा विभिन्न आकर्षक झांकियों के साथ चल रहे कांवड़िए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
भगवान शिव की सुंदर प्रतिमाओं एवं विभिन्न प्रकार की मनोहारी झांकियों के साथ गुजरते कांवड़ियों ने पूरे मार्ग को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं द्वारा भी उत्साहपूर्वक ह्लबम-बम भोलेह्व एवं ह्लहर-हर महादेवह्व के जयघोष किए गए, जिससे कार्यक्रम स्थल का वातावरण पूरी तरह शिवमय हो गया। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल पर फलों, शीतल पेयजल एवं अन्य पेय पदार्थों की व्यवस्था भी की गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वयं श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए उन्हें फल एवं पेयजल उपलब्ध कराया तथा उनकी यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, श्रद्धा, अनुशासन, सेवा और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम है। दूर-दराज से पैदल चलकर भगवान शिव के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करने वाले शिवभक्तों का स्वागत एवं सेवा करना प्रत्येक व्यक्ति के लिए सौभाग्य का विषय है।
कार्यक्रम के दौरान गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में भी श्रद्धालुओं के स्वागत को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। अधिकारियों ने कहा कि अनेक लोग परिस्थितिवश स्वयं कांवड़ यात्रा में सम्मिलित नहीं हो पाते हैं, ऐसे में कांवड़ लेकर जा रहे शिवभक्तों के दर्शन करना, उनका स्वागत करना, पुष्पवर्षा करना एवं उनकी सेवा करना भी भगवान शिव की भक्ति का ही एक स्वरूप है। कांवड़ श्रद्धालुओं के स्वागत के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उनके प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं ने भी आत्मीयता के साथ स्वागत स्वीकार किया और हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा आयोजित इस भव्य कार्यक्रम के माध्यम से श्रद्धालुओं के प्रति सम्मान, सेवा भावना एवं सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं प्राधिकरण के अधिकारियों-कर्मचारियों की सामूहिक सहभागिता ने आयोजन को और अधिक गरिमापूर्ण बना दिया। पुष्पवर्षा, शिवभक्तों के जयघोष, आकर्षक कांवड़ एवं झांकियों तथा सेवा-सत्कार के बीच मेरठ रोड का पूरा वातावरण भक्तिमय एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम सावन मास की पवित्र भावना के अनुरूप श्रद्धा, सेवा और समर्पण का सुंदर उदाहरण बनकर सामने आया।

